पढ़ाई से इतर संस्कारों की पाठशाला बनी फिल्मी आउटिंग, 37 बालिकाओं ने देखी ‘हनुमान अंश’

आगरा में लायंस क्लब प्रयास की ओर से वनवासी कल्याण आश्रम, सेवा प्रकल्प संस्थान की 37 बालिकाओं के लिए विशेष आउटिंग आयोजित की गई। बालिकाओं ने ‘हनुमान अंश’ फिल्म देखी और मनोरंजन के साथ भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं, संस्कार, साहस, भक्ति और सेवा जैसे जीवन मूल्यों को समझने का अवसर पाया।

Sep 20, 2026 - 20:26
 0
पढ़ाई से इतर संस्कारों की पाठशाला बनी फिल्मी आउटिंग, 37 बालिकाओं ने देखी ‘हनुमान अंश’
छात्राओं ने देखी फिल्म हनुमान अंश।

आगरा। वनवासी कल्याण आश्रम, सेवा प्रकल्प संस्थान, गांधी नगर की 37 बालिकाओं के लिए रविवार को लायंस क्लब प्रयास की ओर से विशेष आउटिंग का आयोजन किया गया। इस दौरान बालिकाओं को ‘हनुमान अंश’ फिल्म दिखाई गई। फिल्म के माध्यम से बालिकाओं ने मनोरंजन के साथ सनातन धर्म, संस्कारों, भारतीय संस्कृति और हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को समझने का अवसर प्राप्त किया।

फिल्म शुरू होते ही बालिकाओं में खासा उत्साह नजर आया। उन्होंने पूरे मनोयोग से फिल्म देखी और उसके विभिन्न प्रसंगों को रुचि के साथ समझा। आयोजन का उद्देश्य बालिकाओं को पढ़ाई और दैनिक दिनचर्या से अलग सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ ही भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों से जोड़ना रहा।

लायंस क्लब प्रयास की अध्यक्ष गीतिका अग्रवाल ने कहा कि बच्चों को केवल किताबी ज्ञान देना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें अपनी संस्कृति, संस्कार और धार्मिक परंपराओं से परिचित कराना भी जरूरी है। ‘हनुमान अंश’ जैसी फिल्में मनोरंजन के साथ बच्चों को भारतीय मूल्यों और भगवान हनुमान के आदर्शों से जोड़ने का माध्यम बनती हैं। बालिकाओं के चेहरों पर फिल्म देखते समय दिखाई दिया उत्साह ही इस आयोजन की सफलता है।

पूर्व अध्यक्ष आशु मित्तल ने कहा कि बच्चों के लिए ऐसी गतिविधियां उनके व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। फिल्म के माध्यम से बालिकाओं को साहस, संस्कार, भक्ति और सेवा जैसे जीवन मूल्यों को समझने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी क्लब की ओर से बालिकाओं के लिए इसी तरह के रचनात्मक और संस्कारपरक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर शालू अग्रवाल, रुचि बागला, रुपाली अग्रवाल, नंदिनी अग्रवाल, अनु गोयल आदि मौजूद रहे।