दीवानी के गेट नंबर तीन से नगर निगम ने हटवाईं ठेल और ढकेल
दीवानी पर जाम की समस्या को दूर करने के लिए नगर निगम ने गेट नंबर तीन से अतिक्रमण हटवाया। निगम की टी्म ने गेट नंबर तीन के सामने सड़क के दोनों ओर खड़ी ढकेल व ठेल वालों को हटवा दिया।
आगरा। दीवानी चौराहे पर अतिक्रमण के खिलाफ आज अपराह्न नगर निगम ने अतिक्रमण अभियान चलाया। गेट नंबर दो तथा तीन के बाहर नगर निगम की टीम जेसीबी लेकर पहुंची। साथ में गाड़ी से एनाउंस किया जा रहा था कि जो ठेल-ढकेल 15 मिनट में नहीं हटेगी उसे जेसीबी से हटा दिया जाएगा।
टीम की इस घोषणा के बाद ठेल ढकेल वालों में भगदड़ मच गई। फेरी वाले अपने आप अपनी ढकेल लेकर चल दिए। देखते ही देखते पूरा चौराहा साफ हो गया। निगम की टीम ने फोटो स्टेट की दुकानों के सामने खड़े दो पहिया वाहनों को भी सड़क पर न खड़ा करने की चेतावनी दी है।
बता दें कि दीवानी चौराहे पर गेट नंबर तीन के सामने हमेशा जाम की स्थिति रहती है। इसका प्रमुख कारण सड़क के दोनों ओर ठेल व वाहनों का खड़ा होना है। नगर निगम द्वारा बनाया गया डिवाइडर भी जाम का एक प्रमुख कारण है। इस डिवाइडर के सहारे लोग अपने वाहन खड़े करके चले जाते हैं। इससे मोड़ पर वाहनों का मुड़ना कठिन हो जाता है।