ताज नगरी में राष्ट्रीय वॊलीबाल का महाकुंभ: 28 से 31 जनवरी तक एकलव्य स्टेडियम में अखिल भारतीय प्राइजमनी टूर्नामेंट

आगरा। खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में आगरा के एकलव्य स्टेडियम में इस माह 28 से 31 जनवरी तक अखिल भारतीय प्राइजमनीवॊलीबाल टूर्नामेंट का आयोजन होने जा रहा है। देश के प्रतिष्ठित वालीबाल आयोजनों में शुमार इस टूर्नामेंट में देश की नामचीन 12 टीमें भाग लेंगी, जिनमें से 11 टीमों की पुष्टि हो चुकी है। लंबे अंतराल के बाद ताज नगरी में हो रहे इस बड़े आयोजन को लेकर खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह है।

Jan 19, 2026 - 13:27
Jan 19, 2026 - 13:30
 0
ताज नगरी में राष्ट्रीय वॊलीबाल का महाकुंभ: 28 से 31 जनवरी तक एकलव्य स्टेडियम में अखिल भारतीय प्राइजमनी टूर्नामेंट
एकलव्य स्टेडियम का वालीबाल कोर्ट, जहां अखिल भारतीय प्राइजमनी टूर्नामेंट होने जा रहा है।

टूर्नामेंट में उत्तर प्रदेश से तीन टीमें हिस्सा लेंगी, जिनमें उत्तर प्रदेश पुलिस, संयुक्त हॉस्टल और वालीबाल अकादमी उत्तर प्रदेश शामिल हैं। इसके अलावा प्रतियोगिता में पंजाब पुलिस, नॉर्दर्न रेलवे, एक्साइज चंडीगढ़, साई कुरुक्षेत्र, जाट सेंटर बरेली, अहमदाबाद हॉस्टल और एक्साइज मुंबई जैसी मजबूत टीमें भी शिरकत करेंगी।

इस अखिल भारतीय प्रतियोगिता में विजेता टीम को दो लाख रुपये, उपविजेता को एक लाख रुपये और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 50 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। टूर्नामेंट की खास बात यह है कि इसमें अंतरराष्ट्रीय वॊलीबाल खिलाड़ी केपी राणा सहित कई नामचीन खिलाड़ी आगरा पहुंचेंगे, जिससे मुकाबलों का स्तर और रोमांच दोनों ऊंचे रहने की उम्मीद है।

टूर्नामेंट की तैयारियां इन दिनों एकलव्य स्टेडियम में जोरों पर हैं। मुख्य मैदान में दो अंतरराष्ट्रीय मानकों के वॊलीबाल कोर्ट तैयार किए गए हैं, जहां नियमित रूप से पानी का छिड़काव, नेट लगाने और लाइटिंग व्यवस्था का कार्य किया जा रहा है। हालांकि, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी संजय शर्मा ने स्पष्ट किया है कि सर्दी को देखते हुए रात्रि में मैच नहीं कराए जाएंगे।

प्रतियोगिता में भाग लेने वाली टीमों के ठहरने की व्यवस्था स्टेडियम के आसपास के होटलों में की गई है। भोजन की व्यवस्था टीमें स्वयं अपने स्तर से करती हैं, जिसके लिए खेल निदेशालय द्वारा भोजन मद की धनराशि उपलब्ध करा दी जाती है। आरएसओ संजय शर्मा ने सोमवार सुबह स्वयं तैयारियों का निरीक्षण कर अधीनस्थ अधिकारियों को शेष कमियां समय रहते दूर करने के निर्देश दिए।

वालीबाल के वरिष्ठ खिलाड़ी और दक्षिणांचल विद्युत निगम लिमिटेड के पूर्व प्रबंध निदेशक एसवीएस. राठौर ने बताया कि आगरा में पूर्व में भी अखिल भारतीय प्राइजमनी टूर्नामेंट आयोजित हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश वॊलीबाल एसोसिएशन से आधिकारिक अधिकारियों की मांग की गई है, जबकि जिला वॊलीबाल संघ से सहयोग लिया जा रहा है। राठौर ने भरोसा दिलाया कि आयोजन के लिए निदेशालय की ओर से जो भी सहयोग मांगा जाएगा, जिला संघ तत्परता से उपलब्ध कराएगा।

श्री राठौर ने आगरा वासियों से अपील की कि वे बड़ी संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें और युवा खिलाड़ी वरिष्ठ खिलाड़ियों से प्रेरणा लें। कुल मिलाकर, यह आयोजन न सिर्फ आगरा के लिए गौरव की बात है, बल्कि इससे स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर भी मिलेगा। आयोजन में अब केवल एक सप्ताह का समय शेष है और तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।

SP_Singh AURGURU Editor