तमिलनाडु में एनडीए सरकार की आहट, डीएमके के दिन गिने-चुने: सांसद राजकुमार चाहर

तमिलनाडु के त्रिची में आयोजित भाजपा की प्रदेश कार्यशाला में सांसद राजकुमार चाहर ने “विकसित भारत–जी राम जी” अभियान को प्रधानमंत्री मोदी के विज़न को जन-जन तक पहुँचाने का माध्यम बताया। उन्होंने डीएमके सरकार पर परिवारवाद और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए और दावा किया कि राज्य में जल्द ही एनडीए की विकासपरक सरकार बनेगी।

Jan 31, 2026 - 18:24
 0
तमिलनाडु में एनडीए सरकार की आहट, डीएमके के दिन गिने-चुने: सांसद राजकुमार चाहर
तिरुचिरापल्ली स्थित त्रिची भाजपा कार्यालय में प्रदेश स्तरीय “विकसित भारत–जी राम जी” जनजागरण अभियान के अंतर्गत आयोजित प्रदेश कार्यशाला को संबोधित करते सांसद राजकुमार चाहर।

त्रिची में भाजपा की बड़ी कार्यशाला, विकसित भारत मिशन को मिलेगी नई धार

तिरुचिरापल्ली। तमिलनाडु की जनता जागरूक हो चुकी है और आने वाले समय में राज्य में एनडीए की एक मजबूत, पारदर्शी और विकासोन्मुख सरकार बनने जा रही है, जो सबका साथ, सबका विकास के मूल मंत्र पर काम करेगी। यह दावा है भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद राजकुमार चाहर का। वह तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली स्थित त्रिची भाजपा कार्यालय में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश स्तरीय “विकसित भारत–जी राम जी” जनजागरण अभियान के अंतर्गत एक प्रदेश कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। कार्यशाला में पार्टी के शीर्ष पदाधिकारियों, जिला प्रभारियों और अभियान संयोजकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं फतेहपुर सीकरी से सांसद राजकुमार चाहर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त, दूरदर्शी और निर्णायक नेतृत्व में भारत आज विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि पारदर्शी शासन, जनकल्याणकारी योजनाओं और मजबूत नीतियों के चलते भारत ने वैश्विक मंच पर एक नई और सशक्त पहचान बनाई है।

सांसद चाहर ने कहा कि “विकसित भारत–जी राम जी” अभियान प्रधानमंत्री मोदी के विज़न को जन-जन तक पहुँचाने का प्रभावी माध्यम है। यह अभियान विशेष रूप से गांवों, किसानों, श्रमिकों, युवाओं, महिलाओं और वंचित वर्गों के सर्वांगीण विकास पर केंद्रित है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह अभियान तमिलनाडु के दूरदराज़ इलाकों तक विकास की सोच को मजबूती से पहुंचाएगा।

इस दौरान सांसद चाहर ने तमिलनाडु की डीएमके सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि राज्य में परिवारवाद और भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि डीएमके सरकार ने विकास के बजाय अपने निजी और पारिवारिक हितों को प्राथमिकता दी, जिससे आम जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है।

कार्यशाला में भाजपा के राष्ट्रीय सह-प्रभारी डॉ. पोंगुलेटी सुधाकर रेड्डी (पूर्व एमएलसी), विकसित भारत–जी राम जी अभियान की राज्य संयोजक एवं भाजपा राज्य महासचिव कात्यायनी तथा तमिलनाडु के 67 जिलों के जिला प्रभारियों ने सहभागिता की। सभी ने अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुँचाने को लेकर विस्तृत मंथन किया और रणनीति तैयार की।