छात्रवृत्ति में लापरवाही भारी पड़ेगी, आगरा कॉलेज के छात्रों के लिए अंतिम चेतावनी जारी
उत्तर प्रदेश छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत आवेदन करने वाले आगरा कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए यह खबर बेहद अहम है। महाविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि तय समयसीमा के भीतर बायोमेट्रिक सत्यापन नहीं कराने पर छात्रवृत्ति आवेदन सीधे निरस्त हो सकता है।
आगरा। आगरा कॉलेज, आगरा के प्राचार्य प्रोफेसर सी. के. गौतम ने बताया कि महाविद्यालय के वे सभी विद्यार्थी, जिन्होंने उत्तर प्रदेश छात्रवृत्ति (यूपी स्कॉलरशिप) पोर्टल पर अपना आवेदन पत्र फाइनल सबमिट कर दिया है, उन्हें अतिशीघ्र महाविद्यालय में उपस्थित होकर बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य रूप से कराना होगा।
छात्रवृत्ति इंचार्ज प्रोफेसर संचिता सिंह ने स्पष्ट किया है कि छात्रवृत्ति से संबंधित समस्त कार्यवाही, जिसमें बायोमेट्रिक सत्यापन भी शामिल है, की अंतिम तिथि 27 दिसंबर 2025 निर्धारित की गई है। तय समयसीमा के भीतर यदि किसी भी छात्र द्वारा बायोमेट्रिक सत्यापन अथवा आवश्यक औपचारिकताएं पूरी नहीं की जाती हैं, तो उसका छात्रवृत्ति आवेदन निरस्त कर दिया जाएगा।
महाविद्यालय प्रशासन ने साफ शब्दों में कहा है कि आवेदन निरस्त होने की पूरी जिम्मेदारी स्वयं संबंधित छात्र की होगी। बाद में किसी भी प्रकार की आपत्ति या अनुरोध स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम ने सभी विद्यार्थियों को निर्देशित किया है कि वे अपनी छात्रवृत्ति से जुड़ी कार्यवाही समय रहते पूर्ण कराने के लिए छात्रवृत्ति इंचार्ज प्रोफेसर संचिता सिंह से संपर्क स्थापित करें। यदि किसी भी स्तर पर छात्रवृत्ति प्रक्रिया अधूरी पाई जाती है, तो इसके लिए छात्र स्वयं जिम्मेदार माने जाएंगे।
महाविद्यालय प्रशासन ने छात्रों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते बायोमेट्रिक सत्यापन करा कर अपनी छात्रवृत्ति सुरक्षित करें।