आईसीएसआई आगरा चैप्टर की नई कार्यकारिणी सक्रिय, पेशेवर गतिविधियों को मिलेगा नया आयाम
आगरा। द इंस्टिट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरीज ऑफ इंडिया (आईसीएसआई) के आगरा चैप्टर की वर्ष 2026 की प्रथम कार्यकारिणी बैठक नेहरू नगर स्थित सिल्वर पॉइंट बिल्डिंग में आयोजित की गई। बैठक में नव-निर्वाचित पदाधिकारियों ने औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण किया और आने वाले वर्ष में पेशेवर, शैक्षणिक एवं सामाजिक गतिविधियों को नई गति देने का संकल्प लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता नव-निर्वाचित चेयरमैन सीएस अनुज अशोक अग्रवाल ने की। इस दौरान सीएस निमिषा तयाल ने उपाध्यक्ष तथा सीएस नीतू अग्रवाल ने सचिव पद का दायित्व संभाला। बैठक में वर्षभर आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों, सेमिनार, करियर अवेयरनेस और कॉर्पोरेट गतिविधियों की विस्तृत कार्ययोजना पर मंथन हुआ।
चेयरमैन सीएस अनुज अशोक अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान समय में कंपनी सेक्रेटरी की भूमिका कंपनी लॉ, जीएसटी, जीएसटी ट्रिब्यूनल, ट्रेडमार्क और कॉर्पोरेट अनुपालन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में निरंतर विस्तृत हो रही है। उन्होंने बताया कि निकट भविष्य में प्रस्तावित जीएसटी ट्रिब्यूनल के संचालन से कर विवादों के समाधान में कंपनी सेक्रेटरी की भूमिका और अधिक निर्णायक होगी।
उपाध्यक्ष सीएस निमिषा तयाल ने जानकारी दी कि आईसीएसआई आगरा चैप्टर से 100 से अधिक सक्रिय सदस्य जुड़े हुए हैं। किसी भी संस्था या व्यवसाय के विधिक अनुपालन, पारदर्शिता और कॉर्पोरेट गवर्नेंस में कंपनी सेक्रेटरी की भूमिका अनिवार्य है। चैप्टर का उद्देश्य सदस्यों को निरंतर अपडेट रखना और समाज में इस पेशे की उपयोगिता को व्यापक स्तर पर स्थापित करना है।
सचिव सीएस नीतू अग्रवाल ने बताया कि वर्ष 2026 में चैप्टर द्वारा स्कूलों और कॉलेजों में स्टूडेंट करियर अवेयरनेस प्रोग्राम, व्यापारिक संगठनों के साथ कंपनी लॉ और जीएसटी विषयों पर व्याख्यान, तथा राष्ट्रीय स्तर के पेशेवर कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
बैठक में सीएस मेघा अग्रवाल ने कहा कि कंपनी सेक्रेटरी ऐसा पेशा है, जिसे किसी अंतराल के बाद भी पुनः अपनाया जा सकता है। यह विशेष रूप से महिलाओं के लिए अनुकूल है, जिसमें वर्क फ्रॉम होम, एमएसएमई कंसल्टेंसी और स्वतंत्र प्रैक्टिस के व्यापक अवसर उपलब्ध हैं।
बैठक में पूर्व अध्यक्ष सीएस आमोद सोलंकी, ऑफिस इंचार्ज अमित कुमार, पल्लवी विशनानी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।