सिकंदरा में नवविवाहिता की दहशतभरी दास्तां, दहेज की मांग , मारपीट, गला दबाने की कोशिश, पति-ससुराल पर गंभीर आरोप
आगरा। सिकंदरा क्षेत्र में एक नवविवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर क्रूरता, दहेज की मांग, मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना और जान से मारने की कोशिश जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आगरा। सिकंदरा क्षेत्र में एक नवविवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर क्रूरता, दहेज की मांग, मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना और जान से मारने की कोशिश जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार परिवार ने शादी पर 20–25 लाख रुपये, सोने-चांदी के जेवर, नकद और गृहस्थी का पूरा सामान अपनी हैसियत से ज्यादा दिया था। इसके बावजूद ससुराल पक्ष को यह सब “कम” लगा और शादी के दूसरे ही दिन से कार की मांग शुरू हो गई। रोजाना ताने और मानसिक प्रताड़ना उसकी ज़िंदगी का हिस्सा बन गए।
शादी सिर्फ दहेज के लिए की
नवविवाहिता ने बताया कि उसका पति समीर गुप्ता अक्सर कहता था कि उसने यह रिश्ता सिर्फ दहेज के लिए किया है। उसका यह भी आरोप है कि पति कई महिलाओं से संबंध रखता था। जब उसने मोबाइल में मिले चैट, फोटो और वीडियो को लेकर सवाल किया तो उसके साथ मारपीट की गई। तकिए से गला दबाकर जान लेने की कोशिश की गई। साथ ही उसके जेवर और स्त्रीधन छीनकर सास और ननद ने अपने कब्जे में रख लिया। स्थिति इतनी खराब हो गई कि विदाई के समय उसे सिर्फ एक जोड़ी कपड़े और मंगलसूत्र में घर भेज दिया गया।
मायके में घुसकर अभद्रता
पीड़िता ने बताया कि 15 मई की शाम पति समीर, उसका पिता और उसका मित्र आशीष गंगवार मायके पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने घर में घुसकर गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की। उसे जबरन खींचकर ले जाने की कोशिश की। आशीष ने गलत नीयत से पकड़कर उसका कुर्ता फाड़ दिया और परिवार के साथ मारपीट की। इन लोगों ने जाते समय जान से मारने की धमकी दी। इस घटना ने पीड़िता और उसके परिवार को गहरे सदमे और दहशत में डाल दिया।
पुलिस में मुकदमा दर्ज, जांच जारी
लगातार दहेज की मांग, प्रताड़ना, धमकियों और जेवर न लौटाने की शिकायत पर थाना सिकंदरा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़िता का कहना है कि ससुराल पक्ष अब भी दबाव बना रहा है कि कार दो, तभी घर में रखेंगे। न तलाक देने को तैयार हैं और न ही स्त्रीधन लौटाने को।