बरेलीः निदा खान को मिल रहीं धमकियां, मौलाना तौकीर पर बोलीं- जो हुआ ‘बिलकुल सही’, वीडियो वायरल

-आरके सिंह- बरेली। शहर में विगत 26 सितंबर को हुए उपद्रव के बाद आला हजरत खानदान की बहू निदा खान को लगातार धमकियां मिल रही हैं। इंटरनेट मीडिया पर उन्हें अशोभनीय शब्द कहे जा रहे हैं, जबकि इंटरनेट आधारित कॊल्स से धमकाने की कोशिशें जारी हैं। बुधवार को जारी अपने वीडियो मैसेज में निदा ने कहा कि मौलाना तौकीर रजा के समर्थक उन्हें धमकी दे रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Oct 23, 2025 - 20:49
 0
बरेलीः निदा खान को मिल रहीं धमकियां, मौलाना तौकीर पर बोलीं- जो हुआ ‘बिलकुल सही’, वीडियो वायरल

बरेली की रहने वाली निदा खान, मौलाना तौकीर रजा खान के बड़े भाई अंजुम रजा की पुत्रवधू हैं। निदा का अपने पति सिरान रजा से विवाद चल रहा है, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। निदा ने बताया कि शादी के बाद से ही उन्हें कई बार धमकियों का सामना करना पड़ा, लेकिन 26 सितंबर के उपद्रव के बाद से हालात और बिगड़ गए हैं।

निदा खान ने अपने चार मिनट 24 सेकंड के वीडियो संदेश में कहा कि मौलाना तौकीर रजा के जेल जाने के बाद उनके समर्थक लगातार उन्हें धमकी दे रहे हैं। ये कॉल्स इंटरनेट जेनरेटेड नंबरों से आ रही हैं, जिन पर कॉलर आईडी भी प्रदर्शित नहीं होती। साथ ही उनके सोशल मीडिया एकाउंट्स पर अभद्र टिप्पणियां और गालियां दी जा रही हैं।

निदा ने कहा कि अब वे स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने वीडियो में स्पष्ट कहा कि मौलाना तौकीर के साथ जो हुआ, वो बिल्कुल सही हुआ। उनकी वजह से न जाने कितने मुसलमानों को परेशानी झेलनी पड़ी।

थाना बारादरी प्रभारी निरीक्षक धनंजय पांडे ने बताया कि अभी तक पुलिस को निदा खान का कोई वीडियो या लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। यदि वीडियो या शिकायत मिलती है, तो तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

निदा के वीडियो के प्रसारित होते ही यह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। शहर में इस मामले को लेकर हलचल है और कई सामाजिक संगठनों ने निदा की सुरक्षा की मांग उठाई है।

SP_Singh AURGURU Editor