न टेंट–न पंडाल, वृक्ष तले होगी भागवत कथा: गिरिराज की तलहटी में बहेगी भक्ति की त्रिवेणी

आगरा। न टेंट, न पंडाल, न कोई भव्य सजावट… बस भक्ति की बहेगी त्रिवेणी और अध्यात्म की होगी अलौकिक दिव्यता। होली के पावन अवसर पर श्री गिरिराज जी की पावन तलहटी में एक ऐसा दिव्य आयोजन होने जा रहा है, जो आधुनिक भव्यता से दूर रहकर सनातन परंपरा और शुद्ध भक्ति का जीवंत उदाहरण बनेगा। विश्व कल्याण मिशन ट्रस्ट के अंतर्गत तीर्थ कथा आयोजन समिति द्वारा 09 मार्च, रंगपंचमी से सात दिवसीय भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें राष्ट्रीय संत श्री चिन्मयानंद बापू वृक्ष तले बैठकर भागवत कथा की अमृत वर्षा करेंगे।

Feb 13, 2026 - 18:15
 0
न टेंट–न पंडाल, वृक्ष तले होगी भागवत कथा: गिरिराज की तलहटी में बहेगी भक्ति की त्रिवेणी
गिरिराज की तलहटी में होने जा रही भागवत कथा के पोस्टर का शुक्रवार को विमोचन करते पार्षद मुरारी लाल गोयल अमित अग्रवाल, मयंक वैद्य, राम अग्रवाल, श्रीमती सुमन गोयल, तीरथ कुशवाह और कुमकुम उपाध्यायऔर अन्य सहयोगी।

इस अद्भुत आयोजन की विशेषता यह है कि कथा न किसी मंच पर होगी, न सुसज्जित पंडाल में। भक्त गोबर-लिपे फर्श पर बैठकर कथा श्रवण करेंगे और स्वयं संत श्री चिन्मयानंद बापू भी किसी स्टार होटल में नहीं, बल्कि घास-फूस की झोपड़ी में विश्राम करेंगे। यह आयोजन ब्रजरज की उसी परंपरा को जीवंत करेगा, जहां भगवान श्रीकृष्ण ने जगत कल्याण के लिए दिव्य लीलाएं की थीं।

विश्व कल्याण मिशन ट्रस्ट से जुड़े उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा सहित देशभर से हजारों श्रद्धालु गोवर्धन पहुंचकर भक्ति रस का पान करेंगे। प्राकृतिक और पौराणिक वातावरण में होने वाली यह कथा साधना, वैराग्य और आत्मशांति का अनुपम संगम बनेगी।

शुक्रवार को वाटर वर्क्स स्थित अतिथिवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में पार्षद मुरारी लाल गोयल (विश्व कल्याण मिशन ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी) ने आयोजन की जानकारी दी और जन-जागरूकता के लिए आकर्षक पोस्टर का विमोचन किया। उन्होंने कहा, भौतिकवाद और तनाव में घिरे मानव मन को भगवान श्रीकृष्ण का चरित्र परम विश्रांति प्रदान करता है। प्रभु की कथा का श्रवण जीवन को श्रेष्ठ और सार्थक बनाता है। इसी उद्देश्य से यह कथा आयोजित की जा रही है।

ट्रस्ट की ट्रस्टी सुमन गोयल ने आगरावासी श्रद्धालुओं से भावुक अपील करते हुए कहा किचलो चलो गोवर्धन, सुनेंगे प्रभु की कथा। तन-मन होगा पावन, दूर होगी हर व्यथा। उन्होंने बताया कि कथा प्रतिदिन शाम 4:00 बजे से 7:00 बजे तक होगी। 09 मार्च को प्रातः मंगल कलश यात्रा निकाली जाएगी तथा सायंकाल मनमोहन का होली महोत्सव आयोजित होगा। पुरुष भक्तों के लिए ड्रेस कोड धोती-कुर्ता निर्धारित किया गया है।

इस अवसर पर मयंक वैद्य, तीरथ कुशवाह, अमित अग्रवाल, राम अग्रवाल, हरिओम गोयल, के.एम. बंसल, पूर्व पार्षद अमित ग्वाला, कुमकुम उपाध्याय, उदयभान सिंह भदौरिया, विजय वर्मा, सतेंद्र कुशवाह और विश्वनाथ भारद्वाज प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor