फतेहपुर सीकरी पुलिस के साथ मुठभेड़ में शातिर अपराधी निक्की बग्गा घायल, अवैध हथियार बरामद
आगरा जनपद के थाना फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ के दौरान शातिर अपराधी को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में पैर में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया।
बीती रात थाना फतेहपुर सीकरी पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान थाना फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के अंतर्गत उन्देरा नहर के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया गया।
अपने आप को घिरा देख अभियुक्त निक्की बग्गा उर्फ बग्घा पुत्र गुड्डू, निवासी ग्राम सिकरौदा, थाना फतेहपुर सीकरी, जनपद आगरा द्वारा पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी गई। पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया।
घायल अभियुक्त को तत्काल उपचार हेतु नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस जांच में सामने आया है कि अभियुक्त निक्की बग्गा उर्फ बग्घा का पूर्व आपराधिक इतिहास भी मौजूद है और वह लंबे समय से पुलिस की नजर में था।
मुठभेड़ के बाद अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल (स्प्लेंडर) बरामद की गई है।
उक्त प्रकरण के संबंध में सहायक पुलिस आयुक्त अछनेरा द्वारा घटना की पुष्टि करते हुए बताया गया कि अभियुक्त के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।