भगवान महावीर स्वामी के निर्वाण कल्याणक पर जैन समाज और मंदिरों में उमड़ा श्रद्धा का सागर

आगरा। दीपोत्सव के अवसर पर मंगलवार को ताजनगरी का वातावरण धर्म, भक्ति और प्रकाश से आलोकित रहा। जैन समाज ने भगवान महावीर स्वामी के निर्वाण कल्याणक महोत्सव को बड़े ही श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया। शहर के विभिन्न जैन मंदिरों में भव्य आयोजन हुए, जिनमें पूजा-अभिषेक, शांतिधारा, भजन और मंगल पाठ की गूंज ने वातावरण को आध्यात्मिक बना दिया।

Oct 21, 2025 - 18:25
 0
भगवान महावीर स्वामी के निर्वाण कल्याणक पर जैन समाज और मंदिरों में उमड़ा श्रद्धा का सागर
भगवान महावीर स्वामी के निर्वाण कल्याणक पर कलाकुंज और शालीमार एन्क्लेव के जैन मंदिर में आयोजित कार्यक्रमों की एक झलक।

कलाकुंज जैन मंदिर में भक्ति और उल्लास का महोत्सव

कलाकुंज स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर में सुबह से ही भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। भगवान महावीर स्वामी के निर्वाण कल्याणक पर विशेष पूजा, अभिषेक और शांतिधारा का आयोजन हुआ। श्रद्धालुओं ने भजन, आरती और दीप प्रज्वलन के माध्यम से भगवान के उपदेशों को याद किया।
समाज के वरिष्ठजनों द्वारा भक्ति नृत्य और धार्मिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिससे पूरा मंदिर परिसर मंगलमय हो उठा। मंदिर प्रबंधन समिति ने सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी और जलपान की व्यवस्था की। कार्यक्रम का समापन सामूहिक मंगल पाठ और मोक्ष गीतों के साथ हुआ। इस अवसर पर कलाकुंज और अवधपुरी जैन समाज के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

शालीमार एनक्लेव मंदिर में 24 किलो लाडू से मनाया निर्वाण दिवस

श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर, शालीमार एनक्लेव कमलानगर में चौबीसवें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी का मोक्ष कल्याणक अत्यंत भव्यता से मनाया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मंदिर में 24 किलो के लाडू समर्पण से हुई। इसके बाद बैंड-बाजों, दीपक और झूमते-नाचते भक्तों के साथ शोभायात्रा शालीमार मंदिर से डी ब्लॉक के श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर तक निकाली गई।
अधिष्ठाता 1008 भगवान महावीर को लाडू और दीपक समर्पित कर दीपावली पर्व मनाया गया। इस अवसर पर अनिल जैन, सौरभ जैन, अंकित जैन और अहिंसा परिवार शालीमार के सदस्यों ने सभी को निर्वाण दिवस और दीपावली महापर्व की शुभकामनाएं दीं।

SP_Singh AURGURU Editor