एक राष्ट्र-एक चुनाव से होगा देश का विकास एसपी सिंह बघेल
आगरा। एक ही वोटर लिस्ट से छह माह के अंदर लोकसभा, विधानसभा सहित चुनाव संपन्न कराकर साढ़े चार साल तक विकास कार्य कराने के उद्देश्य से ही एक राष्ट्र-एक चुनाव की अवधारणा तैयार की गई है।
एक राष्ट्र -एक चुनाव को लेकर आज भाजपा युवा मोर्चा द्वारा युवा संगोष्ठी का आयोजन केंद्रीय हिंदी संस्थान के अटल बिहारी बाजपेयी अंतराष्ट्रीय सभागार में किया गया। संगोष्ठी का शुभारंभ केंद्रीय राज्यमंत्री प्रोफ़ेसर एसपी सिंह बघेल और उत्तर प्रदेश के समाज कल्याण विभाग के राज्यमंत्री असीम अरुण द्वारा दीप प्रज्ज्वलित करके किया गया। इस दौरान एक राष्ट्र -एक चुनाव को लेकर एआई तकनीकि द्वारा तैयार किये गए पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी के सम्बोधन का वीडियो भी प्रसारित किया गया, जिसे संगोष्ठी में शामिल लोगों द्वारा सुना गया।
युवा संगोष्ठी को सम्बोधित करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रबल इच्छा है कि देश के विकास में रोज होने वाले चुनाव बाधित न हो। इसलिए संसद में एक देश एक चुनाव का प्रस्ताव रखा गया है। उन्होंने कहा कि ज़ब ये पास हो जाएगा तो छह महीने में लोकसभा, विधानसभा सहित सभी चुनाव संपन्न हो जाया करेंगे और साढ़े चार साल देश के विकास के लिए दिए जाएंगे।
समाज कल्याण राज्यमंत्री असीम अरुण ने कहा कि एक देश -एक चुनाव के तहत एक ही वोटर लिस्ट से सभी चुनाव पूरे होंगे। साढ़े चार साल में सभी मिलकर देश के उत्थान के लिए कार्य करेंगे।उन्होंने कहा कि इसी को लेकर भाजपा द्वारा लोगों को जागरूक करने का कार्य किया जा रहा है।
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, युवा मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष मनीष गौतम, युवा मोर्चा के क्षेत्रीय मंत्री गौरव राजावत, युवा मोर्चा महानगर अध्यक्ष शैलू पंडित आदि उपस्थित रहे।