ऑनलाइन अपॉइंटमेंट भी बना ठगी का जाल, आगरा में डॉक्टर की बुकिंग के नाम पर 50 हजार की चपत

आगरा। ऑनलाइन सुविधा का युग कभी-कभी भारी भी पड़ जाता है। ऐसा ही एक मामला शाहगंज क्षेत्र में सामने आया, जहां एक व्यक्ति को डॉक्टर का अपॉइंटमेंट ऑनलाइन बुक करना महंगा पड़ गया। ठगों ने ‘Dr Appointment’ नामक फर्जी ऐप के जरिये खाते से 50,000 रुपये उड़ा दिए।

Nov 1, 2025 - 15:37
 0
ऑनलाइन अपॉइंटमेंट भी बना ठगी का जाल, आगरा में डॉक्टर की बुकिंग के नाम पर 50 हजार की चपत

शाहगंज निवासी बृजेश कुमार अपने बेटे के इलाज के लिए एक डॉक्टर का ऑनलाइन अपॉइंटमेंट लेने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने इंटरनेट पर डॉक्टर का नाम सर्च किया, तभी उन्हें एक वेबसाइट पर दिए गए कॉलिंग नंबर से संपर्क हुआ। फोन उठाने वाले व्यक्ति ने खुद को क्लिनिक का असिस्टेंट बताते हुए कहा कि ऑनलाइन बुकिंग ‘Dr Appointment’ ऐप के माध्यम से की जाती है।

पांच रुपये भेजने के नाम पर बुना जाल

ठग ने बृजेश से कहा कि पहले ऐप डाउनलोड करें और सिर्फ पांच रुपये एडवांस पेमेंट भेजें ताकि स्लॉट कन्फर्म हो सके।

जैसे ही बृजेश ने पांच रुपये यूपीआई के जरिए ट्रांसफर किए, उनका मोबाइल अचानक हैक हो गया। कुछ ही मिनटों में कैनरा बैंक के खाते से 50,000 रुपये की राशि उड़ गई। राशि निकाले जाने की सूचना मिलते ही पीड़ित ने बैंक और साइबर हेल्पलाइन पर संपर्क किया, लेकिन तब तक ट्रांजैक्शन पूरा हो चुका था।

थाना शाहगंज में मुकदमा दर्ज, जांच शुरू

पीड़ित बृजेश कुमार ने मामले की लिखित तहरीर थाना शाहगंज में दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर साइबर सेल को जांच सौंप दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि ठगों द्वारा फर्जी ऐप और वेबसाइट बनाकर लोगों को झांसे में लेने की घटनाएं बढ़ रही हैं। मामले की जांच तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है।

सतर्क रहें, अनजान लिंक पर क्लिक न करें

साइबर पुलिस ने नागरिकों को चेताया है कि ऑनलाइन डॉक्टर अपॉइंटमेंट, होटल बुकिंग या रिचार्ज जैसी सुविधाओं के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट या ऐप का उपयोग करें। किसी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक या QR कोड पर क्लिक न करें और यूपीआई के जरिए टेस्ट ट्रांजैक्शन से बचें। कोई भी बैंक या डॉक्टर पांच या दस रुपये की एडवांस राशि मांगने के लिए क्यूआर कोड नहीं भेजते। ऐसे मामलों में तुरंत 1930 नंबर पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।

SP_Singh AURGURU Editor