पद्म पुरस्कारों का ऐलान, यूपी से चिरंजी लाल यादव तो एमपी से भगवानदास रैकवार का नाम

गणतंत्र दिवस के पहले केंद्र सरकार ने पद्म पुरस्कारों का ऐलान कर दिया है। न्यूज एजेंसी के सूत्रों के मुताबिक कर्नाटक के अंके गौड़ा को साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में 2026 का पद्म श्री पुरस्कार दिया जा रहा है।

Jan 25, 2026 - 15:36
 0
पद्म पुरस्कारों का ऐलान, यूपी से चिरंजी लाल यादव तो एमपी से भगवानदास रैकवार का नाम

नई दिल्ली। गणतंत्र दिवस के पहले केंद्र सरकार ने पद्म पुरस्कारों का ऐलान कर दिया है। न्यूज एजेंसी के सूत्रों के मुताबिक कर्नाटक के अंके गौड़ा को साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में 2026 का पद्म श्री पुरस्कार दिया जा रहा है। न्यूज एजेंसी से जुड़े सूत्रों के मुताबिक 'अनसंग हीरोज' कैटेगरी में करीब 45 लोगों को पद्म श्री अवॉर्ड दिए गए हैं। इनमें मध्य प्रदेश से भगवानदास रैकवार, जम्मू-कश्मीर से बृज लाल भट्ट, छत्तीसगढ़ से बुदरी थाटी, ओडिशा से चरण हेम्ब्रम और गुजरात से धार्मिकलाल चुन्नीलाल पांड्या शामिल हैं।


इस साल के पद्म पुरस्कारों में पूरे भारत से कई गुमनाम नायकों को सम्मानित किया गया है। इनमें हाशिए पर पड़े पिछड़े और दलित समुदायों, आदिवासी जनजातियों और दूरदराज और मुश्किल इलाकों से आने वाले लोग शामिल हैं। ये ऐसे लोग हैं जिन्होंने दिव्यांगों, महिलाओं, बच्चों, दलितों और आदिवासियों की सेवा में अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया है - स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, आजीविका, स्वच्छता, स्थिरता आदि को बढ़ावा देने के लिए काम किया है।


सूत्रों के मुताबिक जिन्हें पद्म पुरस्कार दिए जाने हैं, उनमें उत्तर प्रदेश से चिरंजी लाल यादव, महाराष्ट्र से डॉ. आर्मिडा फर्नांडिस के साथ-साथ भिकल्या लाडक्या धिंडा, राजस्थान से गफरुद्दीन मेवाती, जम्मू-कश्मीर से डॉ. पद्मा गुरमेट, तमिलनाडु से डॉ. पुन्नियामूर्ति नटेशन, तेलंगाना से डॉ. कुमारस्वामी थंगराज शामिल हैं। हालांकि, पद्म पुरस्कार पाने वालों की सूची भारत सरकार शाम को जारी करेगी।