फव्वारा दवा बाजार में हड़कंप, औषधि विभाग का मेगा ऑपरेशन, 15 टीमों की एक साथ बड़ी छापेमारी
आगरा के फुब्बारा दवा बाजार में औषधि विभाग ने रविवार शाम 15 टीमों के साथ बड़ी छापेमारी की। सहायक औषधि आयुक्त अतुल उपाध्याय के नेतृत्व में माहेश्वरी मार्केट, हींग की मंडी और खिन्नी गली समेत कई स्थानों पर रिकॉर्ड और स्टॉक की जांच की गई। खिन्नी गली में एक दुकानदार फरार मिला। माहेश्वरी मार्केट की तीसरी मंजिल से ‘स्पास्मो’ नामक नशीली दवा का लावारिस कार्टून बरामद हुआ, जिसे विभाग ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। देर रात तक कार्रवाई जारी रहने की संभावना है।
फरार हुआ दुकानदार, तीसरी मंजिल से मिला संदिग्ध स्टॉक, थोक कारोबारियों के रिकॉर्ड खंगाले
आगरा। शहर के प्रमुख दवा कारोबार केंद्र फुब्बारा मार्केट में रविवार शाम औषधि विभाग ने बड़ी और समन्वित कार्रवाई को अंजाम दिया। शाम करीब 4 बजे 15 टीमों ने एक साथ अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। कार्रवाई का नेतृत्व सहायक औषधि आयुक्त अतुल उपाध्याय ने किया। कार्रवाई अभी भी जारी है।
खरीद-फरोख्त रजिस्टर और स्टॉक का मिलान
टीमों ने माहेश्वरी मार्केट में थोक दवा व्यापारियों के खरीद-फरोख्त रजिस्टर, स्टॉक रजिस्टर और बिल बुक की गहन जांच की। रिकॉर्ड और उपलब्ध स्टॉक का मिलान किया जा रहा है। कई दुकानों पर संदिग्ध दवाओं के सैंपल भी लिए गए हैं। सूत्रों के अनुसार दवाओं की सप्लाई चेन और बिलिंग पैटर्न की भी पड़ताल की जा रही है, ताकि किसी अवैध लेनदेन या अनियमितता का खुलासा हो सके।
हींग की मंडी और खिन्नी गली में भी छापे
कार्रवाई सिर्फ एक बाजार तक सीमित नहीं रही। हींग की मंडी समेत कई मार्केट में भी एक साथ छापेमारी की गई। खिन्नी गली में प्रदीप नामक कारोबारी की दुकान पर जब टीम पहुंची तो मालिक मौके से फरार हो गया। विभाग ने दुकान का स्टॉक और दस्तावेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मोंटू के ठिकाने पर जांच टीम की दबिश
विश्वनाथ फार्मा पर भी औषधि विभाग ने कार्रवाई की। इसके अलावा सैंपलिंग कार्य से जुड़े मोंटू नामक व्यक्ति के ठिकाने पर भी टीम ने छापा मारा। विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि कहीं सैंपलिंग प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनियमितता तो नहीं बरती गई।
‘स्पास्मो’ नशीली दवा का कार्टून लावारिस मिला
माहेश्वरी मार्केट की तीसरी मंजिल पर ‘स्पास्मो’ नामक नशीली दवा का एक कार्टून लावारिस अवस्था में मिला। इसके साथ अन्य दवाओं के कार्टून भी पाए गए। टीम ने तत्काल प्रभाव से सभी संदिग्ध दवाओं को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि दवाएं किस फर्म से संबंधित हैं और बिना दस्तावेज के यहां कैसे पहुंचीं।
देर रात तक जारी रह सकती है कार्रवाई
औषधि विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने तक कार्रवाई जारी रह सकती है। रिकॉर्ड, स्टॉक और सैंपल की विस्तृत जांच के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया तय की जाएगी। इस संयुक्त छापेमारी को शहर में अवैध दवा कारोबार और नशीली दवाओं की सप्लाई पर बड़ी चोट माना जा रहा है।