पटना में दो मासूमों की मौत पर भड़के लोग, आगजनी, पथराव, पुलिस ने किया लाठीचार्ज
पटना। बिहार की राजधानी पटना में सोमवार शाम को बड़ा बवाल हो गया। पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र में दो मासूम भाई-बहनों की मौत के मामले में आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने अटल पथ पर जमकर हंगामा किया, जिसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हिंसक झड़प हो गई। गुस्साई भीड़ ने कई गाड़ियों में आग लगा दी और पथराव भी किया।
सोमवार शाम को आक्रोश तब और भड़क उठा, जब लोगों ने सड़क पर उतरकर आगजनी शुरू कर दी। प्रदर्शनकारियों ने एक स्कॉर्पियो और कई बाइकों को आग के हवाले कर दिया। उन्होंने राहगीरों के साथ बदसलूकी की और कई गाड़ियों के शीशे भी तोड़े। एक बीजेपी नेता की गाड़ी भी इसमें फंस गई, जिन्हें अपना नेम प्लेट छिपाकर पीछे हटना पड़ा।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन भीड़ ने उन पर पथराव शुरू कर दिया। जवाब में, पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इस बवाल के कारण अटल पथ पर करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बवाल की वजह से दीघा की ओर जाने वाली लेन पर एक किलोमीटर से भी अधिक लंबा जाम लग गया। लोग घंटों फंसे रहे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गए।
यह घटना 15 अगस्त की है, जब इंद्रपुरी रोड नंबर 12 में दो मासूम भाई-बहन के शव मिले थे। परिजनों ने आरोप लगाया था कि उनकी हत्या कर शवों को जलाया गया है। इस घटना के बाद से ही लोगों में भारी गुस्सा था। उनका कहना है कि दोषियों को बचाने की कोशिश की जा रही है। इसी नाराजगी ने सोमवार को हिंसक रूप ले लिया। फिलहाल पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।