फिर बड़े पर्दे पर लौटेगी ‘पीकू’, दीपिका ने साझा कीं भावनाएं

मुंबई। शूजित सरकार की बहुचर्चित फिल्म पीकू एक बार फिर बड़े पर्दे पर दर्शकों से रूबरू होने जा रही है। फिल्म के रिलीज़ के 10 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में इसे 9 मई, 2025 को दोबारा सिनेमाघरों में उतारा जाएगा। इस मौके पर फिल्म की मुख्य अभिनेत्री दीपिका पादुकोण ने सोशल मीडिया पर खास वीडियो साझा कर री-रिलीज की घोषणा की।

Apr 19, 2025 - 22:08
 0
फिर बड़े पर्दे पर लौटेगी ‘पीकू’, दीपिका ने साझा कीं भावनाएं

-इरफान खान की याद में भावुक हुईं अभिनेत्री, 9 मई को सिनेमाघरों में होगी री-रिलीज

वीडियो में दीपिका अमिताभ बच्चन के साथ नजर आ रही हैं, जिसमें बिग बी फिल्म में अपने किरदार ‘भास्कर’ की यात्रा को याद करते हैं। इसके साथ ही फिल्म के कुछ खास दृश्य भी दिखाए गए हैं, जो दर्शकों को भावनाओं से जोड़ते हैं। पोस्ट के कैप्शन में दीपिका ने लिखा, "एक फिल्म जो हमेशा मेरे दिल के करीब रहेगी... पीकू अपनी 10वीं सालगिरह मनाने के लिए 9 मई को सिनेमाघरों में लौट रही है। इरफान, हम तुम्हें याद करते हैं... और हमेशा करते रहेंगे।"

इरफान की याद में भावुक हुई दीपिका

दीपिका ने पोस्ट में दिवंगत अभिनेता इरफान खान को भी याद किया, जो फिल्म में उनके सह-कलाकार रहे थे। 2018 में इरफान को न्यूरोएंडोक्राइन कैंसर हुआ था और 2020 में 53 वर्ष की उम्र में उनका निधन हो गया था। फिल्म में उनके सहज अभिनय को दर्शकों ने खूब सराहा था।

कमर्शियल सफलता और समीक्षकों की सराहना

पीकू 8 मई 2015 को रिलीज हुई थी। यह एक इमोशनल कॉमेडी ड्रामा है, जिसमें पिता-पुत्री के रिश्ते को बेहद संवेदनशीलता से दर्शाया गया था। फिल्म में अमिताभ बच्चन, दीपिका पादुकोण और इरफान खान के साथ मौसमी चटर्जी, रघुबीर यादव और जीशु सेनगुप्ता भी अहम भूमिकाओं में नजर आए थे।

फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली थी। महज 40 करोड़ रुपये के बजट में बनी यह फिल्म विश्वभर में 140 करोड़ रुपये से अधिक का कलेक्शन करने में सफल रही थी।

SP_Singh AURGURU Editor