युवाओं में सेवा भावना जगाने का संकल्प, एनएसएस शिविर से शुरू हुआ बदलाव का सफर
आगरा कॉलेज, आगरा में NSS के सात दिवसीय विशेष शिविर-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि डॉ. पूनम तिवारी और प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम ने स्वयंसेवकों को समाज सेवा, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया। शिविर के दौरान 5000 पौधरोपण सहित विभिन्न सामाजिक गतिविधियों का संकल्प लिया गया।
आगरा कॉलेज में आयोजित शिविर में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता का संदेश, 5000 पौधरोपण का लिया संकल्प
आगरा। आगरा कॉलेज, आगरा में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के सात दिवसीय विशेष शिविर-2026 का शुभारंभ आज उत्साहपूर्ण, अनुशासित और प्रेरणादायी वातावरण में हुआ। उद्घाटन समारोह का प्रारंभ माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं वंदना के साथ किया गया। इसके पश्चात एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा प्रस्तुत लक्ष्यगीत ने पूरे सभागार को सेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना से ओत-प्रोत कर दिया।
उद्घाटन सत्र में विश्वविद्यालय कार्यक्रम समन्वयक डॉ. पूनम तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता आगरा कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम ने की। इस अवसर पर प्रो. मृणाल शर्मा, प्रो. एस. के. गौतम, प्रो. विजय सिंह, डॉ. पी. बी. झा, प्रो. भूपेंद्र चिकारा, प्रो. ए. के. सिंह, प्रो. एस. के. पाण्डे, डॉ. जय श्री, डॉ. भोपाल सिंह एवं शिव कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही।
मुख्य अतिथि डॉ. पूनम तिवारी ने एनएसएस के मूल मंत्र “नॉट मी बट यू ” पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना स्वयंसेवकों को समाज के प्रति संवेदनशील बनाती है। उन्होंने स्वच्छता अभियान, नो-प्लास्टिक ज़ोन, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता जैसे समसामयिक विषयों पर स्वयंसेवकों को सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम ने कहा कि आज के छात्रों को केवल शिक्षा तक सीमित न रहकर समाज और पर्यावरण के प्रति भी अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने जानकारी दी कि एनएसएस परिवार द्वारा आगामी अवधि में 5000 पौधों का रोपण किया जाएगा तथा स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन जैसे विषयों पर निरंतर कार्य किया जाएगा।
शिविर का संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आनंद प्रताप सिंह, डॉ. रवि शंकर सिंह, डॉ. अविनाश जैन एवं कु. ललिता सिंह के नेतृत्व में किया गया। मंच संचालन डॉ. सत्यदेव शर्मा एवं प्रकोष्ठ स्वयंसेवक शिवम सारस्वत द्वारा किया गया।
अतिथियों ने अपने उद्बोधनों में स्वयंसेवकों से समाज सेवा, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों ने अनुशासित सहभागिता के साथ “सुनहरे भारत की राह” तथा “विकसित भारत बजट क्विज-2026” जैसी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समापन सत्र में कार्यक्रम अधिकारी सुरेन्द्र पाल सिंह द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्वयंसेवक मो. कादिर, नीलम, उत्कर्ष निक्की, मोइन एवं करण का विशेष योगदान रहा। अंत में राष्ट्रगान के साथ उद्घाटन समारोह का समापन हुआ।
इस अवसर पर मीडिया प्रभारी प्रो. गौरव कौशिक सहित प्रो. अमिता सरकार, प्रो. गीता महेश्वरी, प्रो. अनुराग पालीवाल, प्रो. अमित अग्रवाल, प्रो. पी. के. दीक्षित, प्रो. शिव कुमार सिंह, प्रो. श्याम गोविंद सिंह, प्रो. आशीष तेजस्वी, प्रो. अनुराधा नेगी, प्रो. अमित चौधरी, प्रो. के. के. सिंह, प्रो. विश्वाकांत, प्रो. कल्पना चतुर्वेदी, प्रो. रीता निगम, प्रो. अमित रावत, डॉ. रोहित पटवा, डॉ. रंजीत सिंह, डॉ. राम प्रकाश पाल, डॉ. रावेंद्र चौहान, डॉ. अमित यादव, डॉ. माधुरी यादव, डॉ. विष्णु शर्मा, डॉ. मनीष शुक्ला, डॉ. हेमराज, डॉ. अनूप सिंह, डॉ. चेतन गौतम सहित बड़ी संख्या में शिक्षकगण एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।