सऊदी से लौटते ही पीएम मोदी ने एयरपोर्ट पर ही ली आपात बैठक, शाह पहलगाम पहुंचे

  नई दिल्ली। सऊदी अरब की यात्रा बीच में छोड़कर आज तड़के भारत लौटे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां पहुंचते ही दिल्ली एयरपोर्ट पर ही एक हाई-लेवल इमरजेंसी मीटिंग की। इस बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल, विदेश मंत्री एस. जयशंकर समेत शीर्ष अधिकारियों ने हिस्सा लिया। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के बाद यह बैठक तात्कालिक रूप से बुलाई गई थी।

Apr 23, 2025 - 11:21
 0
सऊदी से लौटते ही पीएम मोदी ने एयरपोर्ट पर ही ली आपात बैठक, शाह पहलगाम पहुंचे
सऊदी अरब से लौटने के बाद दिल्ली एयरपोर्ट पर पहलगाम हमले पर बैठक लेते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। अन्य चित्रों में पहलगाम में पीड़ितों से मिलते गृह मंत्री अमित शाह। फोटोः पीटीआई और सोशल मीडिया।

-वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण भी अमेरिकी दौरा स्थगित कर भारत लौट रहीं

सरकारी सूत्रों के मुताबिक, पहलगाम में बीते कल हुए आतंकवादी हमले में 28 टूरिस्ट्स की जान गई है, जिनमें दो विदेशी नागरिक और दो स्थानीय लोग भी शामिल हैं। इसे पुलवामा के बाद घाटी में सबसे बड़ा आतंकी हमला बताया जा रहा है।

गृह मंत्री अमित शाह आज सुबह सीधे घटनास्थल पहुंचे और सुरक्षा एजेंसियों व स्थानीय प्रशासन के साथ मौके का जायजा लिया। शाह ने अधिकारियों को दोषियों को जल्द से जल्द पकड़ने और सुरक्षा व्यवस्था को चाकचौबंद करने के निर्देश दिए। गृह मंत्री इस हमले में मृत और घायल लोगों के परिवारीजनों से भी मिले और उन्हें ढाढस बंधाया।

वहीं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भी अपना अमेरिकी दौरा स्थगित कर भारत वापसी का निर्णय लिया है। उच्च अधिकारियों के मुताबिक, आने वाले दिनों में केंद्र सरकार और सुरक्षा एजेंसियां संयुक्त रूप से घाटी में बड़ा ऑपरेशन कर सकती हैं।

इस टेरर अटैक के बाद श्रीनगर में इमरजेंसी कंट्रोल रूम सक्रिय कर दिया गया है। प्रशासन ने सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं – 0194-2457543, 0194-2483651 और मोबाइल नंबर 7006058623।

SP_Singh AURGURU Editor