रंगमंच पर गूंजेगी पीएम मोदी की 25 साल की राजनीतिक यात्रा, आगरा के चार विधानसभाओं क्षेत्रोंं में होगा ‘नमो सेवा’ नाट्य मंचन, ‘अनकही कहानियां’ में संवाद, अभिनय और संगीत से पेश की जाएगी सेवा यात्रा; भाजपा ने प्रेसवार्ता में दी कार्यक्रम की जानकारी
आगरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार के मुखिया के रूप में 25 वर्ष की सार्वजनिक यात्रा को रंगमंच पर प्रस्तुत करने के लिए आगरा महानगर के चार विधानसभाओं क्षेत्रों में ‘नमो सेवा—अनकही कहानियां’ के तहत नाट्य मंचन किए जाएंगे। भाजपा के अनुसार, इन प्रस्तुतियों में गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक की उनकी यात्रा, जनकल्याण और सुशासन से जुड़े प्रसंगों को संवाद, अभिनय, संगीत और मंचन के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी ने अक्टूबर 2025 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद सरकार के मुखिया के रूप में अपने 25वें वर्ष में प्रवेश करने की बात कही थी।
भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता के नेतृत्व में ब्रज क्षेत्र कार्यालय, आगरा पर आयोजित प्रेसवार्ता में एमएलसी एवं प्रदेश मंत्री विजय शिवहरे, विधायक डॉ. जीएस धर्मेश और महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने कार्यक्रम की जानकारी दी।
विजय शिवहरे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण और सुशासन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘नमो सेवा—अनकही कहानियां’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में आगरा महानगर में विशेष नाट्य प्रस्तुतियां होंगी।
उन्होंने कहा कि नाट्य प्रस्तुति में प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की सार्वजनिक जीवन यात्रा, राष्ट्र सेवा के प्रति उनका समर्पण, जनकल्याण से जुड़े प्रयासों और सुशासन के माध्यम से आए बदलावों को जीवंत एवं भावनात्मक रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में उनकी भूमिका तक की यात्रा को मंच पर दिखाया जाएगा।
चारों विधानसभाओं तक पहुंचेगा नाट्य मंचन
महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने कहा कि ‘नमो सेवा—अनकही कहानियां’ को सरल, संवेदनशील और संगीतमय स्वरूप दिया गया है। उन्होंने कहा कि कुशल कलाकार अभिनय और प्रभावशाली संवादों के माध्यम से सेवा, समर्पण, अंत्योदय और राष्ट्र निर्माण से जुड़े प्रसंगों को मंच पर प्रस्तुत करेंगे।
विधायक डॉ. जीएस धर्मेश ने कहा कि इस व्यापक अभियान के तहत उत्तर प्रदेश नेतृत्व ने राज्यभर में नाट्य मंचनों का लक्ष्य निर्धारित किया है। स्कूलों, कॉलेजों, पंचायतों, सामुदायिक केंद्रों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी इन प्रस्तुतियों के माध्यम से जनसंवाद स्थापित किया जाएगा।
भाजपा के अनुसार, अभियान का उद्देश्य सेवा, सुशासन, अंत्योदय और राष्ट्र निर्माण के संदेश को नाट्य एवं कला के माध्यम से लोगों तक पहुंचाना है।
प्रेसवार्ता में सेवा समर्पण अभियान संयोजक दीपू जादोन, महामंत्री महेश शर्मा, महामंत्री नीतेश शिवहरे, भाजपा आगरा महानगर मीडिया प्रभारी रोहित कत्याल, अतुल गर्ग, राहुल सागर, डॉ. निधि शर्मा, विकास भारद्वाज, नेहा गुप्ता, माधुरी माहोर, अंकित शर्मा, विजय श्रीवास्तव, केके सिकरवार, बंटी धाकड़, राकेश जाटव आदि उपस्थित रहे।