आगरा में पुलिस का डबल एक्शन, अवैध हथियार तस्करी का भंडाफोड़, चोरी के आरोपी समेत तीन गिरफ्तार

आगरा पुलिस ने एक साथ दो बड़ी कार्रवाइयों में मलपुरा से अवैध तमंचा–कारतूस के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया, जबकि किरावली में चोरी की घटनाओं में शामिल एक आरोपी को बैटरी और बाइक समेत पकड़ा गया। फरार साथियों की तलाश जारी है।

Feb 2, 2026 - 21:48
 0
आगरा में पुलिस का डबल एक्शन, अवैध हथियार तस्करी का भंडाफोड़, चोरी के आरोपी समेत तीन गिरफ्तार
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी।

मलपुरा में तमंचा–कारतूस के साथ दो युवक दबोचे गए, किरावली में चोरी की बैटरी व बाइक बरामद

आगरा। आगरा में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के अभियान के तहत पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त और चोरी की घटनाओं में संलिप्त आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन कार्रवाइयों से अपराधियों में खलबली मच गया है।

मलपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर दो युवकों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया। भांडई रेलवे पुल के पास से अभियुक्त रामकुमार को एक अवैध तमंचा और कारतूस सहित दबोचा गया। पूछताछ में सामने आया कि अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त में शामिल दूसरा आरोपी रोहित भी सक्रिय था। पुलिस ने उसे नगला दौलतिया रेलवे पुल के पास से तमंचा और कारतूस सहित गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई है।

वहीं दूसरी ओर, किरावली थाना क्षेत्र में पुलिस और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने चोरी की घटनाओं में शामिल एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। मुखबिर की सूचना पर श्याम उर्फ अंकित पुत्र हरिओम, निवासी पुरानी गल्ला मंडी, किरावली को दबोचा गया। आरोपी के कब्जे से चोरी की एक बैटरी, एक अपाचे बाइक तथा घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, अभियुक्त श्याम उर्फ अंकित ने बीते दिनों दो अलग-अलग चोरी की वारदातों को अपने दो साथियों अमित उर्फ घंटोली और अर्जुन पंडित के साथ मिलकर अंजाम दिया था। दोनों सह-आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध हथियार और चोरी के मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।