मथुरा में कॉल गर्ल्स रैकेट पर पुलिस का शिकंजा: लड़कियों समेत एक दर्जन से अधिक हिरासत में

मथुरा। चौकी कृष्णा नगर क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब पुलिस ने कॉल गर्ल्स रैकेट का पर्दाफाश करते हुए एक साथ दो स्थानों पर छापेमारी कर डाली। तेज़-तर्रार प्रशिक्षु आईपीएस आशना चौधरी (सीओ सिटी) को सूचना मिली थी कि इलाके में लंबे समय से कॉल गर्ल्स रैकेट सक्रिय है। सूचना पर विश्वास करते हुए उन्होंने फोर्स के साथ तुरंत छापेमारी की।

Aug 22, 2025 - 21:44
 0
मथुरा में कॉल गर्ल्स रैकेट पर पुलिस का शिकंजा: लड़कियों समेत एक दर्जन से अधिक हिरासत में
मथुरा में पुलिस की छापेमारी में पकड़ी गईं लड़कियों को गाड़ी में बैठाती पुलिस।

सबसे पहले पुलिस टीम ने कृष्णा नगर चौराहे पर स्थित एक कॉम्प्लेक्स में दबिश दी। यहां से आधा दर्जन से अधिक लड़कियां और पुरुष पकड़ लिए गए। पुलिस की अचानक की गई इस कार्रवाई से पूरे इलाके में भगदड़ और सनसनी फैल गई।

इसके बाद सीओ सिटी ने दूसरी टीम को लेकर बैंक कॉलोनी स्थित हेविन स्पा पर छापा मारा। यहां भी स्पा सेंटर की आड़ में कॉलगर्ल रैकेट संचालित हो रहा था। पुलिस ने यहां से भी कई महिलाएं और पुरुषों को हिरासत में लिया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, इन दोनों स्थानों पर लंबे समय से अवैध धंधा चल रहा था, जिसकी भनक आसपास के निवासियों को थी लेकिन खुलेआम इस पर रोक नहीं लग पा रही थी। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

फिलहाल, पुलिस ने सभी गिरफ्तार लोगों को थाने ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि रैकेट से जुड़े और भी नाम सामने आ सकते हैं। सीओ सिटी आशना चौधरी ने बताया कि इस पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

SP_Singh AURGURU Editor