भारत के पड़ोस मुल्क में गदर संभव,  पाकिस्तानी फौज और आईएसआई में तनातनी,  असीम मुनीर ने दी सख्त चेतावनी

पाकिस्तान में सेना और आईएसआई के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है। चीफ ऑफ डिफेंस फोर्सेज फील्ड मार्शल असीम मुनीर ने आईएसआई के साथ बैठक में वरिष्ठ खुफिया अधिकारियों को चेतावनी दी है। उन्होंने पाकिस्तानी सेना को पहुंच रहे नुकसान पर चिंता जताई है। इस बीच पाकिस्तानी सैन्य नेतृत्व में परिवर्तन की भी खबरें हैं।

Mar 20, 2026 - 21:01
 0
भारत के पड़ोस मुल्क में गदर संभव,  पाकिस्तानी फौज और आईएसआई में तनातनी,  असीम मुनीर ने दी सख्त चेतावनी


इस्लामाबाद। पाकिस्तान में सेना और खुफिया एजेंसी आईएसआई के बीच तनाव की खबरें हैं। ऐसा दावा किया गया है कि पाकिस्तान में बढ़ते आतंकवादी हमलों के कारण सेना और खुफिया एजेंसी आमने-सामने आ गई हैं। पाकिस्तानी सेना ने आतंकवादी घटनाओं का ठीकरा आईएसआई पर फोड़ते हुए इसे खुफिया तंत्र की विफलता करार दिया है। वहीं, आईएसआई ने इसे अपनी विफलता मानने से इनकार कर दिया है। इस बीच फील्ड मार्शल असीम मुनीर की आईएसआई के वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई चेतावनी ने इस दावे को और मजबूत कर दिया है।

एक  रिपोर्ट के अनुसार, असीम मुनीर ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तानी सेना की करारी हार से नाराज हैं। उन्होंने भारत के हाथों मिली इस हार को लेकर गंभीर नाराजगी भी जताई है। इस बीच पाकिस्तान के खुफिया नेटवर्क के भीतर संभावित फेरबदल के भी संकेत मिल रहे हैं। पाकिस्तानी सेना उन असफलताओं का आकलन कर रही है, जिनके कारण कथित तौर पर सुरक्षाकर्मियों को भारी जान-माल का नुकसान उठाना पड़ा है। घटनाक्रम से परिचित अधिकारियों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों में पाकिस्तानी सेना और आईएसआई के बीच तालमेल की कमी और भी बढ़ गई है।

पाकिस्तान इन दिनों गंभीर सुरक्षा चुनौतियों का सामना कर रहा है। भारत-पाकिस्तान सीमा पर तनाव हमेशा की तरह बरकरार है। ऐसी रिपोर्ट्स हैं कि पाकिस्तान एक बार फिर लाइन ऑफ कंट्रोल (LoC) पर बने आतंकी लॉन्च पैड को एक्टिवेट कर चुका है। वहीं, पाकिस्तान की पश्चिमी सीमा पर अफगानिस्तान के साथ तनाव लगभग युद्ध जैसी स्थिति तक पहुंच गया है। इसके अलावा पाकिस्तान में बलूचिस्तान विद्रोह फिर से सिर उठा रहा है। खैबर पख्तूनख्वा में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) का खतरा भी बढ़ गया है। रिपोर्टों के अनुसार, TTP लड़ाकों ने कुछ इलाकों में चौकियां बना ली हैं।

इस बीच पाकिस्तानी सेना प्रमुख और चीफ ऑफ डिफेंस फोर्सेज फील्ड मार्शल असीम मुनीर ने खुफिया एजेंसी आईएसआई को धमकी दी है। उन्होंने सेना और ISI के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हाल ही में हुई एक उच्च-स्तरीय बैठक में कथित तौर पर चेतावनी देते हुए कहा कि वे अपने प्रदर्शन में सुधार करें, अन्यथा उन्हें इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। मुनीर के संदेश से ISI के भीतर बेचैनी बढ़ गई है। इस बीच पाकिस्तान के सैन्य और खुफिया नेतृत्व में फेरबदल की अटकलें भी लगाई जा रही हैं, जिससे कई वरिष्ठ अधिकारियों की नौकरियों पर तलवार लटकने लगी है।