बालिका शक्ति का उद्घोष: आगरा कॊलेज की एनसीसी कैडेट्स ने दिया सशक्तिकरण का संदेश
आगरा। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर आगरा कॉलेज के एनसीसी आर्मी विंग के कैडेट्स ने एक प्रेरणादायक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कॉलेज परिसर में पोस्टर्स, बैनर और नारों के माध्यम से कैडेट्स ने समाज को संदेश दिया- बेटी ही बदलाव की दिशा है।
कार्यक्रम की थीम रही- ‘मैं लड़की हूं, मैं बदलाव लाती हूं: संकट की अग्रिम पंक्ति में लड़कियां।‘ इस थीम ने हर श्रोता के मन में यह भाव जगाया कि बालिकाएं न केवल भविष्य की धुरी हैं, बल्कि वर्तमान की दिशा भी बदलने में सक्षम हैं।
प्राचार्य प्रो. सी.के. गौतम ने कहा कि राष्ट्र के विकास के लिए महिलाओं को समान अवसर और सुरक्षित वातावरण प्रदान करना समय की मांग है। उन्होंने कहा, लड़कियों की शिक्षा और स्वतंत्रता ही सशक्त समाज की पहचान है।
कंपनी कमांडर कैप्टन अमित अग्रवाल ने कहा कि आज महिलाएं राजनीति से लेकर सेना के मोर्चे तक अपनी क्षमता का परचम लहरा रही हैं। वे अब किसी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं, बल्कि चुनौतियों को अवसर में बदल रही हैं।
कैडेट्स ने नारे लगाकर समाज को प्रेरित किया- बेटी है तो भविष्य है, शक्ति, शिक्षा और सम्मान – यही बालिका का अभियान।
इस अवसर पर एसयूओ तमन्ना परमार, सार्जेंट यामिनी चाहर, सार्जेंट मनोज जुरैल, सार्जेंट समायरा, संजना, प्रियंका वर्मा, राखी, दिव्यांशी, काजल, कशिश, सपना, अंशिका, हिमांशी, हर्षकांत व्यास, मोहित शर्मा, हृदय और हर्षित खैरवार सहित कई कैडेट्स उपस्थित रहे।