वर्ल्ड चैंपियनशिप में पीवी सिंधु का सफर खत्म,  चीनी खिलाड़ी के खिलाफ मिली हार,  3 सेट तक चला रोमांचक मुकाबला

बीडब्ल्यूएफ विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप के प्री-क्वार्टर फाइनल (राउंड ऑफ 16) मुकाबले में भारत की स्टार शटलर पीवी सिंधु को हार का सामना करना पड़ा है। बीडब्ल्यूएफ विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप के राउंड ऑफ 16 में पीवी सिंधु को चीन की वांग झी ई से 21-11, 15-21, 21-17 से हार का सामना करना पड़ा है।

Aug 20, 2026 - 21:57
 0
वर्ल्ड चैंपियनशिप में पीवी सिंधु का सफर खत्म,  चीनी खिलाड़ी के खिलाफ मिली हार,  3 सेट तक चला रोमांचक मुकाबला

नई दिल्ली। बीडब्ल्यूएफ विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप के प्री-क्वार्टर फाइनल (राउंड ऑफ 16) मुकाबले में भारत की स्टार शटलर पीवी सिंधु को हार का सामना करना पड़ा है। गुरुवार को खेले गए बेहद रोमांचक और संघर्षपूर्ण मुकाबले में चीन की तीसरी वरीयता प्राप्त वांग झी ई ने सिंधु को 21-11, 15-21, 21-17 से हरा दिया। इस हार के साथ ही टूर्नामेंट में भारतीय स्टार का सफर समाप्त हो गया है।

यह मुकाबला विश्व चैंपियनशिप के इतिहास में चीनी खिलाड़ियों के खिलाफ सिंधु की पहली हार के रूप में दर्ज हो गया है। इससे पहले विश्व चैंपियनशिप में चीन की खिलाड़ियों के खिलाफ सिंधु का रिकॉर्ड 8-0 का था और वह लगातार 8 मैच जीत चुकी थीं। हालांकि, इस मुकाबले में वांग झी ई ने शानदार खेल दिखाते हुए भारतीय शटलर के इस अजेय रथ को रोक दिया।

मैच की शुरुआत से ही चीनी खिलाड़ी ने दबदबा बनाया और पहला गेम 21-11 से आसानी से अपने नाम कर लिया। इसके बाद सिंधु ने दूसरे गेम में जोरदार वापसी की। उन्होंने नेट प्ले पर पूरा नियंत्रण बनाते हुए आक्रामक खेल दिखाया और 21-15 से जीत दर्ज करके मुकाबले को निर्णायक तीसरे गेम में पहुंचा दिया।

निर्णायक गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। क्रैम्प से जूझने के बावजूद चीनी खिलाड़ी ने कोर्ट पर पूरा जोर लगाया। मैच का सबसे रोमांचक मोड़ 18-17 के स्कोर पर आया, जब दोनों के बीच 54 शॉट की लंबी और थका देने वाली रैली खेली गई। इस मैराथन रैली को गंवाने के बाद सिंधु वापसी नहीं कर सकीं और वांग ने 21-17 से गेम जीतकर मैच अपने नाम कर लिया। अब क्वार्टर फाइनल में वांग झी ई का सामना डेनमार्क की लाइन क्रिस्टोफरसेन से होगा।