राहुल गांधी का पीएम मोदी पर आरोप, बोले- ट्रंप के दबाव में झुके, जबकि इंदिरा गांधी नहीं झुकी थीं

  लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर अमेरिका के सामने सरेंडर करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मोदी ट्रंप के इशारे पर झुक गए जबकि 1971 के युद्ध में तब की पीएम इंदिरा गांधी अमेरिकी धमकी के आगे बिल्कुल झुकी नहीं।  

Jan 7, 2026 - 19:26
 0
राहुल गांधी का पीएम मोदी पर आरोप, बोले- ट्रंप के दबाव में झुके, जबकि इंदिरा गांधी नहीं झुकी थीं

नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर दबाव में आकर झुकने का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने मोदी के नेतृत्व की तुलना पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से की। राहुल गांधी का यह बयान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान के एक दिन बाद आया है जिसमें उन्होंने दावा किया था कि पीएम मोदी ने उनसे मिलने का समय मांगा था। ट्रंप ने भारत पर ऊंचे टैरिफ का भी जिक्र किया। ट्रंप का कहना है कि भारत सरकार अब बहुत ज्यादा टैरिफ दे रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी दावा किया कि भारत ने रूसी तेल की खरीद काफी कम कर दी है।

बहरहाल, राहुल गांधी ने एक्स पर एक वीडियो मेसेज शेयर किया, जिसका कैप्शन था-फर्क समझो सरजी। राहुल गांधी ने कहा, 'मैं इन बीजेपी-आरएसएस वालों को अब बहुत अच्छे से जानता हूं। उन पर थोड़ा दबाव डालो, थोड़ा धक्का दो और वे डर के मारे भाग जाते हैं।'

राहुल गांधी ने कहा, 'जैसे ही ट्रंप ने वहां से इशारा किया, उन्होंने फोन उठाया और कहा, 'मोदी जी आप क्या कर रहे हैं?' नरेंद्र ने सरेंडर कर दिया और 'हां सर' कहकर नरेंद्र मोदी जी ने ट्रंप के इशारे का पालन किया।'

1971 के युद्ध से तुलना करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि भारत एक समय अमेरिका के दबाव के बावजूद मजबूती से खड़ा रहा था। उन्होंने अमेरिका के सेवंथ फ्लीट का जिक्र करते हुए कहा, 'आपको शायद वह समय याद होगा जब फोन कॉल नहीं आया था - सातवां बेड़ा आया था। 1971 के युद्ध में, सातवां बेड़ा आया, हथियार आए, एक एयरक्राफ्ट कैरियर आया। इंदिरा गांधी जी ने कहा, 'मुझे जो करना है, मैं वही करूंगी।, बीजेपी वालों और कांग्रेस में यही फर्क है।'

असल में, ट्रंप ने भारतीय निर्यात पर कुल 50% टैरिफ लगाया है, जिसमें रूस से तेल खरीदने की वजह से 25% टैक्स भी शामिल है। ट्रम्प ने कहा, 'मेरे उनके (मोदी) साथ बहुत अच्छे संबंध हैं। वह मुझसे बहुत खुश नहीं हैं क्योंकि अब उन्हें बहुत ज़्यादा टैरिफ देना पड़ रहा है। उन्होंने रूस से तेल खरीदना काफी कम कर दिया है।  
 
अगस्त में लगाए गए इन टैरिफ की वजह से कई दौर की ट्रेड बातचीत हुई है और दोनों नेताओं के बीच कम से कम चार बार बातचीत हुई है, लेकिन अभी तक कोई द्विपक्षीय व्यापार समझौता नहीं हुआ है। ट्रंप ने यह भी कहा कि भारत ने अपाचे हेलीकॉप्टर की डिलीवरी में देरी की बात कही है, और दावा किया कि नई दिल्ली पांच साल से इन विमानों का इंतजार कर रही है।