आरसीबी बनी चैंपियन, आईपीएल फाइनल में गुजरात को हराकर जीता दूसरा खिताब, डिफेंड किया टाइटल

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने फाइनल में गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर आईपीएल 2026 का खिताब जीत लिया है। बेंगलुरू ने लगातार दूसरी बार खिताब जीता।

Jun 1, 2026 - 05:51
 0
आरसीबी बनी चैंपियन, आईपीएल फाइनल में गुजरात को हराकर जीता दूसरा खिताब, डिफेंड किया टाइटल


अहमदाबाद। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू आईपीएल 2026 की चैंपियन बन गई है। फाइनल में बेंगलुरू ने गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हरा दिया है। यह लगातार दूसरा साल है जब आरसीबी ने इंडियन प्रीमियर लीग का खिताब जीता है। गुजरात की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 155 रन बनाए थे। जवाब में आरसीबी ने 18वें ओवर में ही लक्ष्य को हासिल करके इतिहास रच दिया। विराट कोहली ने नाबाद 75 रनों की पारी खेली।

आईपीएल के इतिहास में आरसीबी ऐसी केवल तीसरी टीम बन गई है, जिसने लगातार दो सीजन आईपीएल की ट्रॉफी जीती है। चेन्नई सुपर किंग्स ने 2010-2011 और फिर मुंबई इंडियंस ने 2009-2010 में लगातार 2 बार चैंपियन होने का तमगा हासिल किया था। अब बेंगलुरू ने 2025 के बाद 2026 का खिताब भी जीतकर इस खास फेहरिस्त में जगह बना ली है।

रजत पाटीदार की कप्तानी में आरसीबी ने इतिहास रच दिया है। पाटीदार अब एमएस धोनी और रोहित शर्मा के बाद ऐसे केवल तीसरे कप्तान बने हैं, जिन्होंने लगातार 2 खिताब जीते हों। कमेंटेटर्स से लेकर एक्सपर्ट्स भी कहते रहे कि इस मैदान पर टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करना सही फैसला साबित हो सकता है। मगर कप्तान पाटीदार और आरसीबी मैनेजमेंट ने कुछ और ही सोच रखा था। बेंगलुरू ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी।

आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस के साथ सबसे बड़ी समस्या यही रही कि शुभमन गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर के जल्दी आउट होने पर पूरी टीम फ्लॉप हो जाती है। फाइनल में भी कुछ ऐसा ही हुआ, क्योंकि शुभमन गिल (10 रन), साई सुदर्शन (12 रन) और जोस बटलर (19) जल्दी आउट हो गए। वाशिंगटन सुंदर ने 50 रनों की पारी खेल, जैसे-तैसे गुजरात का स्कोर 155 रनों तक पहुंचाया था। बेंगलुरू की ओर से रसिख डार सलाम ने कहर बरपाते हुए सबसे अधिक 3 विकेट चटकाए।

156 रनों के लक्ष्य का पीछा करने आई रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू को वेंकटेश अय्यर और विराट कोहली ने तूफानी शुरुआत दिलाई। पावरप्ले में ही बेंगलुरू 70 रन बना चुकी थी। अय्यर ने 16 गेंद में 32 रन बनाए। टिम डेविड ने 24 रन और रजत पाटीदार ने 15 रनों का छोटा योगदान दिया। मगर बेंगलुरू की जीत के हीरो विराट कोहली रहे, जिन्होंने 42 गेंद में नाबाद 75 रनों की पारी खेली। आरसीबी के लिए विनिंग शॉट भी विराट ने ही लगाया। उन्होंने अरशद खान की गेंद पर छक्का लगाकर आरसीबी का चैंपियन बनना सुनिश्चित किया।