राजेश्वर मंदिर का नवीनीकरण: प्रमुख सचिव पर्यटन मेश्राम ने अविलंब एस्टीमेट भेजने को कहा
आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगरा आगमन के दौरान श्री राजेश्वर मंदिर के नवीनीकरण एवं सौंदर्यीकरण की स्वीकृति मिलने के बाद विधायक डॉ. जीएस धर्मेश ने इस महत्वपूर्ण कार्य को शीघ्र पूरा कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर भी कड़ी पहल शुरू कर दी है।
विधायक एवं पूर्व राज्य मंत्री डॉ. जीएस धर्मेश ने पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह के के निर्देश पर पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव मुकेश मेश्राम से मुलाकात की। इस बैठक का मुख्य विषय मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार राजेश्वर मंदिर के विकास कार्य के लिए आवश्यक एस्टीमेट (अनुमानित खर्च) का शीघ्र तैयार होना था।
मुलाकात के दौरान प्रमुख सचिव मुकेश मेश्राम ने अपने आगरा स्थित क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह को तत्काल फोन कर निर्देश दिए कि वे राजेश्वर महादेव मंदिर का एस्टीमेट बनाकर अविलंब लखनऊ भेजें ताकि नवीनीकरण और सौंदर्यीकरण का कार्य यथाशीघ्र शुरू हो सके।
ज्ञातव्य है कि आगरा दौरे के दौरान मंडलायुक्त सभागार में हुई बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि डॉ. धर्मेश के श्री राजेश्वर महादेव मंदिर से संबंधित आवेदन पर बिना विलंब के कार्रवाई की जाए और मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य में कोई देरी न हो।
मुलाकात के प्रमुख सचिव ने डॉ. धर्मेश को भगवान श्री राम की अष्टधातु की प्रतिमा भेंट की और साथ ही पर्यटन विभाग की विभिन्न योजनाओं की एक बुकलेट भी प्रदान की, जिससे क्षेत्र के धार्मिक और पर्यटन संसाधनों के विकास को बढ़ावा मिले।