29,500 रुपये प्रति वर्गमीटर आवासीय रेट, अटलपुरम टाउनशिप को लेकर कल होगा ऐलान

आगरा। आगरा विकास प्राधिकरण की बहुप्रतीक्षित अटलपुरम टाउनशिप की प्लॉट दरों को लेकर अब अंतिम मुहर लगने जा रही है। प्रस्तावित आवासीय प्लॉट की कीमत 29,500 रुपये प्रति वर्गमीटर निर्धारित की गई है, जिस पर सोमवार, 29 जुलाई को प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में अंतिम निर्णय लिया जाएगा। इसके बाद योजना का ब्रॉशर सार्वजनिक कर दिया जाएगा।

Jul 28, 2025 - 17:54
 0
29,500 रुपये प्रति वर्गमीटर आवासीय रेट, अटलपुरम टाउनशिप को लेकर कल होगा ऐलान

अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगी अटलपुरम टाउनशिप

138 हेक्टेयर में विकसित की जा रही अटलपुरम टाउनशिप को आगरा की पहली ऐसी योजना के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है, जिसमें 150 फुट चौड़ी मुख्य सड़कें और 40 से 120 फुट चौड़ी आंतरिक सड़कें होंगी। इसके साथ ही यह स्मार्ट फीचर्स से लैस रहेगी।

यहां स्काडा आधारित 24x7 जल आपूर्ति, यूटिलिटी डक्ट, कन्वेंशन सेंटर, पार्क, साइकिल ट्रैक, ग्रीन बेल्ट, क्लब हाउस, मैरेज हॉल, फायर स्टेशन, पुलिस स्टेशन, पोस्ट ऑफिस और विद्यालय जैसी सामाजिक व बुनियादी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।

लॉटरी से होगा पारदर्शी आवंटन, ऑनलाइन ही होंगे आवेदन

प्राधिकरण से मिली जानकारी के अनुसार, आवासीय प्लॉटों का आवंटन खुले लॉटरी सिस्टम के तहत पारदर्शिता के साथ किया जाएगा। इसके लिए केवल ऑनलाइन आवेदन ही स्वीकार किए जाएंगे, जिसके लिए पोर्टल तैयार कर लिया गया है। इस योजना को सभी आय वर्ग के लिए खोला जाएगा। हालांकि आगरा विकास प्राधिकरण पहले चरण में केवल आवासीय प्लाटों का आवंटन करने जा रहा है। व्यावसायिक और औद्योगिक प्लाटों का आवंटन बाद में किया जाएगा।

कनेक्टिविटी भी बनी प्लस पॉइंट

टाउनशिप की लोकेशन भी एक अहम पहलू है। यह इनर रिंग रोड से जुड़ी होने के चलते आगरा के सभी प्रमुख हिस्सों से सुगम रूप से कनेक्टेड है। ताजमहल से 12 किमी, आगरा कैंट स्टेशन से 12 किमी और ईदगाह बस स्टैंड से मात्र 11.6 किमी की दूरी पर स्थित यह टाउनशिप भविष्य में एक आदर्श आवासीय हब बनने की दिशा में है।

SP_Singh AURGURU Editor