आगरा में शहीदों को नमन: सुर, स्मृति और सम्मान से सजी ‘एक शाम शहीदों के नाम- स्वरांजलि’

आगरा। शहीदों की स्मृतियां केवल अतीत की गाथाएं नहीं होतीं, वे राष्ट्र की चेतना और आत्मबल का आधार होती हैं। इसी भाव को साकार करते हुए आगरा कल्चरल एसोसिएशन द्वारा खंदारी परिसर स्थित जेपी सभागार में भावनात्मक एवं भव्य कार्यक्रम एक शाम शहीदों के नाम – स्वरांजलि का आयोजन किया गया। यह संपूर्ण कार्यक्रम शहीद सब-इंस्पेक्टर उदयवीर सिंह को समर्पित रहा, जिनकी धर्मपत्नी वीरांगना सविता सिंह की गरिमामयी उपस्थिति ने पूरे वातावरण को श्रद्धा, संवेदना और गर्व से भर दिया।

Jan 25, 2026 - 21:02
 0
आगरा में शहीदों को नमन: सुर, स्मृति और सम्मान से सजी ‘एक शाम शहीदों के नाम- स्वरांजलि’
खंदारी परिसर स्थित जेपी सभागार में आगरा कल्चरल एसोसिएशन द्वारा आयोजित एक शाम शहीदों के नाम – स्वरांजलि कार्यक्रम में सरस्वती वंदना प्रस्तुत करते आवासीय दृष्टिबाधित विद्यालय के छात्र-छात्राएं।

कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ पत्रकार अरुणेश कुमार श्रोत्रिय एवं सुनयन शर्मा, विजेंद्र रायजादा, तिरंगा चौक सेल्फी पॉइंट के संस्थापक अध्यक्ष राजेश यादव, वीरांगना सविता सिंह, धन्वन्तरि पाराशर, डॉ. विकास जैन, डॉ. एएस सचान, डॉ. रूपक सक्सेना तथा संस्था अध्यक्ष सुभाष सक्सेना द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया।

मुख्य अतिथि अरुणेश कुमार श्रोत्रिय ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन शहीदों के बलिदान को स्मरण कराने के साथ-साथ समाज और युवा पीढ़ी में देशभक्ति, कर्तव्यबोध और राष्ट्र के प्रति सम्मान की भावना को सशक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि सुर और शब्द जब राष्ट्र के लिए गूंजते हैं, तब वे इतिहास को जीवंत कर देते हैं।

कार्यक्रम की शुरुआत आवासीय दृष्टिबाधित विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुई, जिसने पूरे सभागार को आध्यात्मिक गरिमा से भर दिया। इसके पश्चात गीत-संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को देशभक्ति, प्रेम और स्मृतियों की भावनात्मक यात्रा पर ले जाया।

अंशु शर्मा द्वारा प्रस्तुत “ए वतन तेरे लिए”, रजत गोयल द्वारा “मेरा रंग दे बसंती चोला”, आहूजा जी द्वारा “अब तुम्हारे हवाले वतन साथियों”, राजीव श्रीवास्तव द्वारा “चल अकेला चल अकेला” तथा विशाल रायजादा द्वारा प्रस्तुत “ओ साथी रे” ने सभागार को तालियों की गूंज से भर दिया।
नटराज कत्थक डांस अकादमी के समूह नृत्य एवं वैदेही सिंह की गुरु वंदना (नृत्य) ने कार्यक्रम को विशेष ऊंचाई प्रदान की।

कार्यक्रम का संगीत निर्देशन अध्यक्ष सुभाष सक्सेना ने किया, जबकि मंच संचालन महासचिव आर.पी. सक्सेना ने प्रभावशाली ढंग से किया। समापन अवसर पर शहीदों को नमन करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

इस अवसर पर मीडिया प्रभारी अरुण साहू, नितिन जौहरी, अमित कोहली, अवधेश उपाध्याय, सुनील बग्गा, वंदना कक्कड़, पूजा भौमिक, दीपक गुप्ता, रमन सिंह धाकड़, अमित गुप्ता, अंकुर सिंह, समीर सक्सेना, पुनीत चतुर्वेदी, संजीव सक्सेना, सूर्यदेव, दिलीप वर्मा, ब्रजेश प्रजापति, रमेश श्रीवास्तव, अनूप गर्ग, तरंग त्रिपाठी, हर्षिका सिंह सहित बड़ी संख्या में कला प्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor