सैम पित्रोदा ने पाक पर दिए बयान पर दी सफाई

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा के पाकिस्तान को लेकर दिए बयान के बाद राजनीति गरमा गई है। इसे लेकर बीजेपी ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर जमकर निशाना साधा। मामला बढ़ने के बाद अब सैम पित्रोदा ने बयान जारी कर कहा कि पाकिस्तान पर उनकी टिप्पणी का उद्देश्य भारत के साथ उसके साझा इतिहास पर जोर देने को लेकर था।सैम पित्रोदा ने कहा कि उनका इरादा आतंकवाद, राजनीतिक तनाव और चुनौतियों को नजरअंदाज करने का नहीं था।

Sep 19, 2025 - 20:38
 0
सैम पित्रोदा ने पाक पर दिए बयान पर दी सफाई


पित्रोदा ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, "अगर मेरे शब्दों से ठेस पहुंची है तो मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि मेरा उद्देश्य कभी भी किसी की पीड़ा को कमतर आंकना या जायज चिंताओं को कम आंकना नहीं था। मेरा उद्देश्य इमानदारी से बातचीत, सहानुभूति और भारत खुद को कैसे देखता है, दूसरे इसे कैसे देखते हैं, इस बारे में एक जमीनी और जिम्मेदार दृष्टिकोण को बढ़ावा देना था।"
 
इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के प्रमुख सैम पित्रोदा ने शुक्रवार को एक इंटरव्यू में कहा कि पाकिस्तान और बांग्लादेश में उन्हें घर जैसा महसूस हुआ। उन्होंने कहा, "हमारी विदेश नीति सबसे पहले पड़ोस पर केंद्रित होनी चाहिए। क्या हम पड़ोसियों के साथ संबंधों को मजबूत कर सकते हैं? मैं पाकिस्तान गया हूं और वहां घर जैसा महसूस किया। बांग्लादेश और नेपाल में भी ऐसा ही लगा। मुझे लगता है कि जैसे मैं विदेश में नहीं हूं।"
 

भारतीय जनता पार्टी ने सैम पित्रोदा की टिप्पणी को सशस्त्र बलों का अपमान बताया। भाजपा नेता प्रदीप भंडारी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसे 'राष्ट्र-विरोधी' बताया और आरोप लगाया कि पित्रोदा ने सोनिया और राहुल गांधी के इशारे पर ऐसा कहा है। उन्होंने कहा, 'क्या कोई देशभक्त कभी कह सकता है कि आतंकी देश पाकिस्तान उनके लिए घर जैसा है? लेकिन राहुल गांधी के एक करीबी सहयोगी, जो गांधी परिवार की रणनीति तय करते हैं, जिनका गांधी परिवार के साथ 30 साल पुराना रिश्ता है, कहते हैं कि उन्हें पाकिस्तान घर जैसा लगता है।'