संस्कार भारती की सभा में संगठन विस्तार, तीन कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियां, वर्षभर की गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय
बदायूं/आगरा। संस्कार भारती ब्रज प्रांत की प्रांतीय साधारण सभा में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने, कार्यकर्ताओं में समन्वय और नई सोच को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। सभा में ब्रज प्रांत से आए 106 संस्कार मित्रों ने सहभागिता की। वर्षभर की गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई और कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम का संयोजन प्रांतीय महामंत्री श्री नन्द नन्दन गर्ग ने किया। ब्रज प्रांत दृश्य कला प्रमुख डॉ. इंदिरा अग्रवाल ने दृश्य कला विभाग की वर्षभर की गतिविधियों का विवरण प्रस्तुत किया। इसमें महिला कलाकारों से जुड़े कार्यक्रम, मातृ दिवस पर ऑनलाइन प्रतियोगिता, ‘चाय पर चर्चा’ तथा सावन महोत्सव के तहत आयोजित पांच प्रतियोगिताओं सहित अन्य गतिविधियों की जानकारी दी गई।
नई सोच और समन्वय पर जोर
सभा को प्रचारक एवं अखिल भारतीय अधिकारी मान. बांकेलाल गौड़ का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। प्रचारक एवं क्षेत्रीय संगठन मंत्री मान. विजय कुमार जी ने कार्यकर्ताओं के विकास, आपसी समन्वय और टीम बिल्डिंग के महत्व पर विचार रखे। उन्होंने संगठन में नई सोच और नए विचारों को स्थान देने की आवश्यकता बताई, ताकि कार्यकर्ता खुले मन से विचार साझा कर सकें।
अखिल भारतीय कोषाध्यक्ष श्री सुभाष अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं से निरंतर संपर्क बनाए रखने और उनकी व्यक्तिगत जानकारी व्यवस्थित रूप से संकलित कर उन्हें संगठन के कार्यक्रमों की जानकारी देने पर जोर दिया। खुले सत्र में सदस्यों से सुझाव भी लिए गए।
आठ कार्यकर्ताओं का सम्मान
सभा में ओम स्वरूप गर्ग (आगरा), प्रखर अवस्थी (आगरा), यतेन्द्र सोलंकी (आगरा), प्रो. सुनीता गुप्ता (अलीगढ़), आलोक शर्मा (अलीगढ़), डॉ. इन्दिरा अग्रवाल (अलीगढ़), कुलदीप वर्मा (वर्मा) एवं प्रतिभा मिश्रा (बदायूँ) का सम्मान किया गया। श्री चेतन्य उपाध्याय (हाथरस) ने एकल गीत प्रस्तुत किया।
भोपाल से आए अखिल भारतीय लोक कला विधा प्रमुख श्री निरंजन पांड्या ने भी मार्गदर्शन दिया। प्रांतीय अध्यक्ष सीए संजय गोयल ने संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी बनाने और कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता पर जोर दिया।
तीन कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारी
श्री मयंक तिवारी (एटा) को प्रांतीय सह-कोषाध्यक्ष, श्री कुँवरपाल सिंह भंवर (हाथरस) को प्रांतीय सह-साहित्य प्रमुख तथा श्री आलोक शर्मा (अलीगढ़) को प्रांतीय नाट्य संयोजक का दायित्व दिया गया। ब्रज प्रांत उपाध्यक्ष श्री सुरेंद्र सक्सेना ने बताया कि प्रांतीय कला साधक संगम 25 एवं 26 दिसंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा।
डाक टिकटों की प्रदर्शनी ने खींचा ध्यान
प्रांतीय महामंत्री नन्द नन्दन गर्ग ने सफल आयोजन के लिए बदायूँ समिति को बधाई दी। समिति अध्यक्ष श्री अशोक सक्सेना, जिला महामंत्री श्री अशोक कुमार साहू, प्रांतीय मंचीय प्रमुख श्री मदन लाल सहित अन्य साथियों ने आयोजन में सहयोग किया। श्री आरेन्द्र जी के सहयोग से लगाई गई प्रदर्शनी में डाक टिकटों (पोस्टल स्टैंप) का आकर्षक एवं संग्रहणीय संकलन प्रस्तुत किया गया, जिसे संस्कार मित्रों ने सराहा।
संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति देने, अधिकाधिक कार्यकर्ताओं को जोड़ने तथा कला एवं संस्कृति के माध्यम से समाज में सकारात्मक विचारों के विस्तार के संकल्प के साथ सभा का समापन हुआ।