आगरा में कल से संतोष ट्रॉफी की गूंज, ग्रुप-बी के मुकाबलों के लिए चार राज्यों की टीमें पहुंचीं

आगरा। 79वीं नेशनल फुटबॉल चैंपियनशिप संतोष ट्रॉफी 2025-26 के ग्रुप-बी मुकाबलों के लिए चार राज्यों की टीमें आगरा पहुंच चुकी हैं। सभी मैच आनंद इंजीनियरिंग कॉलेज के मैदान पर खेले जाएंगे, जहां खिलाड़ियों और अधिकारियों के ठहरने, भोजन व अन्य व्यवस्थाएं शारदा ग्रुप द्वारा की गई हैं।

Dec 20, 2025 - 13:17
 0
आगरा में कल से संतोष ट्रॉफी की गूंज, ग्रुप-बी के मुकाबलों के लिए चार राज्यों की टीमें पहुंचीं

ग्रुप-बी में चंडीगढ़, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की कुल चार टीमें हिस्सा ले रही हैं। इस पूल की शीर्ष टीम आगामी जनवरी में असम में होने वाले फाइनल राउंड में प्रवेश करेगी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ग्रुप-बी के मैच इस प्रकार खेले जाएंगे। 21 दिसंबर को उत्तराखंड बनाम चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश बनाम हरियाणा, 23 दिसंबर को उत्तराखंड बनाम हरियाणा, उत्तर प्रदेश बनाम चंडीगढ़ 25 दिसंबर को उत्तराखंड बनाम उत्तर प्रदेश, चंडीगढ़ बनाम हरियाणा। टीमें आज (20 दिसंबर को) अभ्यास मैच खेल रही हैं। कल से आधिकारिक मुकाबलों की शुरुआत होगी।

आगरा रीजनल फुटबॉल संघ के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह उर्फ बिल्लू चौहान, शारदा ग्रुप की वाइस-चांसलर डॉ. जयंती राजन और उत्तर प्रदेश फुटबॉल संघ के महासचिव मो. शाहिद की देखरेख में आयोजन की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।

आगरा शहर में राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप मैदान उपलब्ध न होने के कारण यह नेशनल चैंपियनशिप आनन-फानन में आनंद इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर में आयोजित की जा रही है। यूपी टीम के मैनेजर एम.एस. बेग भी आयोजन स्थल का विगत दिवस मुआयना कर चुके हैं। उन्होंने व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि मैदान, आवास और भोजन की सुविधाएं पास-पास होने से खिलाड़ियों और अधिकारियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी।

SP_Singh AURGURU Editor