श्रीमद् भागवत कथा का दूसरा दिनः सत्संग और सेवा से ही हो सकती है प्रभु प्रेम की प्राप्ति: कीर्ति किशोरी
आगरा। सूर्य नगर स्थित समाधि पार्क मंदिर में आयोजित श्रीमद् भागवत महापुराण कथा के द्वितीय दिवस भक्तिरस, लीला प्रसंग और सामाजिक चेतना का अनुपम संगम देखने को मिला। कथा व्यास श्री कीर्ति किशोरी के भावपूर्ण प्रवचनों से श्रद्धालु प्रभु प्रेम में तल्लीन होकर भावविभोर हो उठे।
श्रीमद् भागवत कथा में वातावरण राधे-राधे और जय श्रीकृष्ण के जयघोष से गूंज उठा। द्वितीय दिवस के शुभारंभ पर लायंस क्लब के पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर जितेंद्र चौहान, मुख्य संरक्षक अजय अग्रवाल (बीएन ग्रुप) एवं कल्पना अग्रवाल ने विधिवत दीप प्रज्ज्वलन कर कथा का शुभारंभ किया। परंपरागत व्यास पूजन मुख्य यजमान संजय गुप्ता एवं संगीता गुप्ता, रोहित जैन द्वारा श्रद्धाभाव से संपन्न कराया गया।
इस अवसर पर भागवत विदुषी कथा व्यास श्रीमती कीर्ति किशोरी (श्रीधाम वृन्दावन) ने द्वितीय दिवस की कथा में श्री नारद जी के प्रेम प्रसंग और श्री शुकदेव जी के आगमन की दिव्य लीला का अत्यंत भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने कहा कि नारद जी की भक्ति निष्काम थी, जो लोक-लोकांतर में केवल भगवान के नाम के संचार का माध्यम बनी।
कीर्ति किशोरी ने शुकदेव आगमन प्रसंग का वर्णन करते हुए बताया कि महाराज परीक्षित को श्राप के उपरांत मोक्ष का मार्ग जानने की जिज्ञासा हुई, तब वे शुकदेव जी की शरण में गए। शुकदेव जी का वैराग्यपूर्ण आगमन इस बात का प्रतीक है कि जब जीवन से मोह और भय का त्याग होता है, तब प्रभु कथा ही जीवन का आधार बनती है। शुकदेव जी द्वारा उपदिष्ट श्रीमद् भागवत कथा मानव जीवन को मृत्यु भय से मुक्त कर प्रभु प्रेम की ओर ले जाती है।
कथा व्यास ने सामाजिक संदेश देते हुए कहा कि आज का समाज नारद प्रेम को अपनाकर ही तनाव, हिंसा और स्वार्थ से मुक्त हो सकता है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में नाम-स्मरण, सेवा और करुणा को स्थान दे, तो परिवार सुदृढ़ होंगे और समाज में सौहार्द बढ़ेगा। उन्होंने युवाओं से नशा, भोग और अहंकार से दूर रहकर सेवा, साधना और संस्कारों को अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम संयोजक उमेश बंसल बालाजी ने बताया कि रविवार को श्री ध्रुव एवं श्री प्रह्लाद चरित्र के पावन कथा प्रसंग होंगे। यह आयोजन 01 जनवरी तक प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से सायं 6 बजे तक आयोजित किया जा रहा है। द्वितीय दिवस की कथा के समापन पर महाआरती एवं प्रसादी का वितरण किया गया।
यह आयोजन श्री कृष्ण कीर्ति फाउंडेशन, श्रीधाम वृन्दावन, भारत विकास परिषद आगरा संस्कार मुख्य शाखा, भारत विकास परिषद ब्रज प्रांत, भारत विकास परिषद युगल संस्कार शाखा, राधे गोविन्द परिवार आगरा, ध्यान योग सेवा संस्थान, मंगलमय परिवार सहित अनेक संस्थाओं के सहयोग से सम्पन्न हो रहा है।
इस अवसर पर राकेश रेखा अग्रवाल, निखिल वंदना गर्ग, प्रशांत रितु मित्तल, केके अग्रवाल, उपेंद्र शर्मा, विनोद सर्राफ, मनोज पॉली भाई, अमन आरुषि, सागर आयुषी, मुकेश संगीता, माधुरी अतुल चतुर्वेदी, सुनीता कमलनयन फतेहपुरिया, उर्मिल बंसल, रोमा बंसल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।