श्रीलंका के हाथों से दूसरा टेस्ट भी निकलता दिख रहा, पहली पारी में भारत का विशाल स्कोर, जुरैल और पडिक्कल के शतक
दूसरे दिन का खेल खत्म हो गया है। भारतीय टीम श्रीलंका पर पूरी तरह से हावी है। श्रीलंका ने 3 ओवर में 8 रनों पर दो विकेट गंवा दिए हैं।
कोलंबो। कोलंबो में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में मेजबान श्रीलंका बैकफुट पर है। मैच में टीम इंडिया ने अपनी पकड़ मजबूत बना ली है। दूसरे दिन टीम इंडिया ने अपनी पहली पारी 503 रनों पर घोषित की। भारत के लिए ध्रुल जुरेल ने शतक जड़ा। उन्होंने नाबाद 115 रन बनाए। वहीं देवदत्त पडिक्कल ने 117 और ऋषभ पंत ने 63 रनों की पारी खेली। इसके जवाब में दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक मेजबान श्रीलंका ने सिर्फ 8 रनों पर दो विकेट गंवा दिए हैं। लाहिरू उदारा 01 और प्रभात जयसूर्या 02 रनों पर आउट हुए। कमिल मिशारा पांच रनों पर नाबाद हैं।
सोमवार को भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी 503/9 के स्कोर पर घोषित की। दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन यानी सोमवार को बारिश की वजह से कई बार खेल रुका। भारत ने पहले दिन देवदत्त पडिक्कल (117 रन) के शतक की बदौलत 300 रन बनाए थे। दूसरे दिन ध्रुव जुरेल 177 गेंद में नाबाद 115 रनों की पारी खेली। उन्होंने 9 चौके और दो छक्के जड़े। पहले दिन रविवार को चोटिल हुए ऋषभ पंत ने 89 गेंद में 6 चौकों और दो छक्कों की बदौलत 63 रनों की पारी खेली। श्रीलंका की तरफ से असिथा फर्नांडो ने सबसे ज्यादा 4 विकेट हासिल किए, जबकि प्रभात जयसूर्या और केशरा नुवानथा ने 2-2 विकेट निकाले। इनके अलावा लाहिरु कुमारा ने 1 विकेट चटकाया।
दूसरे दिन की समाप्ति तक श्रीलंका ने अपनी पहली पारी में 3 ओवरों का सामना किया और 2 विकेट गंवाकर सिर्फ 8 रन बनाए। प्रसिद्ध कृष्णा ने लाहिरु उडारा (1) को अपना शिकार बनाया, जिसके बाद मानव सुथार ने प्रभात जयसूर्या (2) को आउट किया। फिलहाल, श्रीलंकाई टीम भारत से 495 रन पीछे है। ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा कि मैच पर भारत ने मजबूत पकड़ बना ली है। टीम इंडिया ने पहला टेस्ट मैच 165 रन से अपने नाम किया था, जिसके बाद सीरीज का यह अंतिम मुकाबला निर्णायक बन गया है।