शनिदेव आज रात मीन राशि में कर रहे प्रवेश, जानिये किस राशि पर क्या असर
आगरा। शनिदेव आज (29 मार्च) को रात्रि 09 बजकर 46 मिनट से अपनी राशि कुम्भ से मीन राशि और शतभिषा नक्षत्र में गोचर करने जा रहे हैं। शनिदेव के राशि परिवर्तन का सभी राशियों पर व्यापक प्रभाव पड़ने वाला है। कुम्भ, मीन और मेष राशि पर साढ़े साती रहेगी जबकि सिंह और धनु राशि पर ढैया रहेगी।
दैवज्ञ पं. बृज मोहन दीक्षित ने बताया कि शनिदेव के मीन राशि में प्रवेश करने के बाद वृषभ, तुला और मकर राशि वालों के रुके हुये काम बनेंगे। सुख का संचार रहेगा और परिश्रम का फल प्राप्त होगा।
मिथुन, कर्क, कन्या और वृश्चिक राशि वालों के लिए शनि का गोचर अनुकूल नहीं रहेगा। मन में अनावश्यक भय की आशंका रहेगी। अथाह परिश्रम के बाद भी फल से संतुष्टि नहीं होगी। नये कार्यों में धन का फंसना, समय पर कार्यों का ना होना जैसे परिणाम देखने पड़ेंगे।
कुम्भ, मीन और मेष राशि वाले जातकों के मन में अविश्वास की स्थिति बनी रहेगी। झूठा आरोप लगना, बने हुये कार्यों का बिगड़ना तथा रोग व दुर्घटना का भय बना रहेगा।
श्री दीक्षित ने बताया कि सिंह व धनु राशि वाले जातकों के लिए प्रॉपर्टी में निवेश जोखिम भरा हो सकता है। शेयर बाजार में भी नुकसान उठाना पड़ेगा। टैक्स चोरी का इल्जाम लग सकता है। वित्तीय जोखिम लगे रहेंगे। पैरों और किडनी में समस्या हो सकती है है।
क्या करें और क्या न करें
शनिदेव को अनुकूल करने व पीड़ानिवृत्ति के लिए दशरथ कृत शनि स्तोत्र का पाठ करें। हनुमान चालीसा का पाठ करें और शनि के पैरों पर तेल चढ़ाकर तेल का दीपक जलायें। शनि के तांत्रिक और वैदिक मंत्र का जाप करें।
इसके साथ ही झूठ न बोलें। नौकरों को परेशान न करें। आलस्य न करें। किसी से गलत वाणी का प्रयोग न करें। बेवजह कुत्तों को न मारें।