शारदीय नवरात्र कल से, आगरा में भव्य धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों की तैयारियां

आगरा। 22 सितम्बर से प्रारंभ हो रहे शारदीय नवरात्र को लेकर ताजनगरी का माहौल भक्ति और उत्सव की आभा से सराबोर है। शहर के अलग-अलग हिस्सों में धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार हो चुकी है। कहीं नौ दिनों तक मां दुर्गा के दरबार में भक्ति की गूंज सुनाई देगी तो कहीं 12 दिनों तक देवी महिमा का उत्सव श्रद्धालुओं को आस्था से जोड़े रखेगा। शहर भर में जगह-जगह दुर्गा पंडाल तैयार हो रहे हैं। कल नवरात्र के पहले दिन घर-घर में भी घट स्थापना होगी। 

Sep 21, 2025 - 18:06
 0
शारदीय नवरात्र कल से, आगरा में भव्य धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों की तैयारियां
श्री नवरात्र महोत्सव के मौके पर मां भगवती सेवा मंडल द्वारा सजाया गया दुर्गा पंडाल। दुसरे चित्पोर में स्टर का विमोचन करते मदन मोहन शर्मा एवं सोसाइटी के अन्य सदस्य।

श्री बांके बिहारी एजुकेशनल सोसायटी का नवरात्रि महोत्सव

श्री बांके बिहारी एजुकेशनल सोसायटी, आगरा द्वारा सेक्टर 6D, एफ पार्क, आवास विकास कॉलोनी, सिकंदरा योजना में नवरात्रि महोत्सव 2025 का पोस्टर रविवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ विमोचित किया गया। आयोजन 22 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक चलेगा। शुरुआत कलश यात्रा और घट स्थापना से होगी, जिसके बाद प्रतिदिन धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। 23 सितम्बर को सुंदरकांड पाठ, 24 सितम्बर को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, 25 सितम्बर को देवी जागरण, 26 सितम्बर को भव्य झांकियां, 27 सितम्बर को कीर्तन, 28 सितम्बर को देवी स्तुति, 29 सितम्बर को शोभायात्रा, 30 सितम्बर को महाआरती, 01 अक्टूबर को छप्पन भोग एवं डांडिया और 02 अक्टूबर को कन्या पूजन एवं विशाल भंडारे का आयोजन होगा।
आयोजकों ने बताया कि प्रतिदिन सुबह 9 बजे और शाम 7:30 बजे आरती होगी। युवा समिति से नकुल सारस्वत, निक्की भगत, अरुण श्रीवास्तव, गब्बर राजपूत, टोनी वर्मा, प्रशांत परमार, आकाश सारस्वत और दीपू चौहान ने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य समाज में भक्ति, धार्मिक चेतना और सांस्कृतिक परंपराओं का प्रसार करना है। संरक्षक डॉ. मदन मोहन शर्मा और आयोजक लंकेश दीपक सारस्वत ने कहा कि नवरात्रि का यह पर्व सामाजिक एकता और नई पीढ़ी में सेवा-भावना जाग्रत करने का अवसर है।

मां भगवती सेवा मंडल का 12 दिवसीय दुर्गा दरबार

तोता का ताल (फूल वाली मार्केट के सामने) पर मां भगवती सेवा मंडल द्वारा 22 सितम्बर से 12 दिवसीय मां दुर्गा का दरबार सजाया जाएगा। कलकत्ता से मंगवाई गई 15 फुट ऊंची प्रतिमा को रविवार को भक्तगण नाचते-गाते कैंट रेलवे स्टेशन से आयोजन स्थल तक लाए। पड़वा की सुबह विधि-विधान से स्थापना की जाएगी। यहां प्रतिदिन चार आरतियां होंगी—सुबह 6 बजे मंगला आरती, 9 बजे श्रृंगार आरती, शाम 8 बजे संध्या आरती और रात 11 बजे शयन आरती।
23 सितम्बर को भव्य फूल बंगला, 24 सितम्बर को भक्तों की भेंटें, 25 सितम्बर को भजन संध्या, 26 सितम्बर को गुब्बारों से सजा दरबार, 27 सितम्बर को देवी जागरण, 28 सितम्बर को डांडिया उत्सव, 29 सितम्बर को महाआरती, 30 सितम्बर को कन्या पूजन, 01 अक्टूबर को आकर्षक झांकियां और 02 अक्टूबर को भंडारा होगा। 03 अक्टूबर को सुंदरकांड पाठ और 04 अक्टूबर को प्रतिमा विसर्जन के साथ आयोजन संपन्न होगा।
मुख्य आयोजकों में मुकेश कुशवाह, आकाश कुशवाह, मनीष, दिनेश कुशवाह, विष्णु, पार्षद विक्रांत कुशवाह, पार्षद अमित पटेल, पिंकी, रिया, सुमन और रूबी शामिल रहे।

SP_Singh AURGURU Editor