शारदा विश्वविद्यालय में तकनीकी दक्षता के साथ संस्कार आधारित शिक्षा पर जोर

आगरा। शारदा विश्वविद्यालय शिक्षा को केवल डिग्री तक सीमित न रखकर उसे संस्कार, गुणवत्ता और नवाचार के साथ जोड़ने में विश्वास रखता है। तकनीकी और व्यावसायिक दक्षता के साथ-साथ नैतिक मूल्यों को भी शिक्षा में समाहित किया जा रहा है। पिछले एक वर्ष में विश्वविद्यालय द्वारा 160 से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं और 45 से अधिक संस्थानों से एमओयू साइन किए गए हैं।

Jul 16, 2025 - 18:13
 0
शारदा विश्वविद्यालय में तकनीकी दक्षता के साथ संस्कार आधारित शिक्षा पर जोर
शारदा विवि के बारे में बतातीं कुलपति प्रो. जयंती रंजन। साथ मौजूद हैं प्रो. आर. स्वामीनाथन, डॊ. शैलेंद्र सिंह, डॊ. साकेत जेसवानी एवं अन्य संकाय अधिष्ठाता।

कुलपति प्रो. (डॉ.) जयंती रंजन ने बुधवार को ‘मेंटर्स माइलस्टोन्स: उत्कृष्टता का उत्सव’ विषय पर आयोजित संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह जानकारी दी। इस मौके पर विभिन्न संकायों के अधिष्ठाता (डीन) भी उपस्थित रहे।

उद्योग-उन्मुख पाठ्यक्रम और व्यावसायिक दक्षता

आनंद स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के अधिष्ठाता प्रो. आर. स्वामीनाथन ने बताया कि विश्वविद्यालय तकनीकी शिक्षा को प्रयोगात्मक अनुभवों से जोड़ते हुए ड्रोन संचालन, डिज़ाइन और उड़ान प्रशिक्षण जैसी गतिविधियां संचालित कर रहा है। इसके अतिरिक्त, पीएचडी शोधार्थियों के लिए छात्रवृत्ति, कौशल विकास क्लब, फोटोग्राफी क्लब एवं ड्रोन क्लब जैसी पहलें की गई हैं।

उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस), आंकड़ा विश्लेषण (डेटा एनालिटिक्स) और साइबर सुरक्षा जैसे आधुनिक एवं बहुप्रासंगिक पाठ्यक्रमों को सम्मिलित किया गया है, जो विद्यार्थियों को भविष्य की आवश्यकताओं के लिए सक्षम बना रहे हैं।

विद्यार्थियों की सफलता और समग्र विकास पर बल

छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. (डॉ.) शैलेन्द्र सिंह ने कहा कि बीते एक वर्ष में विश्वविद्यालय के अनेक छात्र स्वर्ण पदक विजेता बने हैं। छात्रों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं, जिमनैजियम, इनडोर और आउटडोर खेल परिसर तथा सांस्कृतिक मंच उपलब्ध हैं।

प्रयोग आधारित शिक्षा और शत-प्रतिशत नियोजन लक्ष्य

शारदा स्कूल ऑफ व्यवसाय अध्ययन के अधिष्ठाता प्रो. (डॉ.) साकेत जेसवानी ने बताया कि विश्वविद्यालय 'करते हुए सीखने' की अवधारणा पर कार्य कर रहा है। इसके अंतर्गत व्यावसायिक यात्राएं, उद्योगिक प्रशिक्षण और क्षेत्रीय संस्थानों से साझेदारी के माध्यम से छात्रों को व्यावहारिक ज्ञान उपलब्ध कराया जा रहा है। चार्टर्ड एकाउंटेंट्स संघ के साथ समझौते के माध्यम से व्यवसायिक पाठ्यक्रमों को और सशक्त किया गया है।

परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) चंद्रशेखर ने कहा कि मूल्यांकन प्रणाली पूरी तरह पारदर्शी है, जिसमें अनुभवी शिक्षकों द्वारा उत्तर पुस्तिकाओं का परीक्षण किया जाता है।

फार्मेसी क्षेत्र में शोध और नवाचार

शारदा स्कूल ऑफ फार्मेसी के अधिष्ठाता प्रो. उमेश कुमार शर्मा ने बताया कि विश्वविद्यालय में उत्कृष्टता केंद्र, औषध परीक्षण प्रयोगशाला, विपणन शोध, व्यक्तिगत प्रशिक्षण कार्यक्रम तथा हर्बल गार्डन की स्थापना की गई है। इसके अतिरिक्त, फार्मेसी संगोष्ठियों के माध्यम से छात्रों को शोध कार्यों से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

शिक्षा, अनुसंधान और संस्कार का समन्वय

कार्यक्रम के समापन पर कुलाधिपति पीके गुप्ता और उप कुलाधिपति वाईके गुप्ता ने कहा कि शारदा विश्वविद्यालय आगरा शिक्षा, शोध, खेल, तकनीकी दक्षता और नैतिक मूल्यों के समन्वय से विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार कर रहा है।

SP_Singh AURGURU Editor