आगरा के सद्भावना पार्क में बजेगी शहनाई: 11 जोड़े बधेंगे वैवाहिक बंधन में, एक नवंबर को मेहंदी उत्सव

आगरा। कमला नगर स्थित सद्भावना पार्क में इस बार फिर एक यादगार और भावनात्मक दृश्य देखने को मिलेगा। सद्भावना पार्क सेवा समिति की ओर से 2 नवंबर को आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह समारोह में 11 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में सादगी, एकता और सहयोग की भावना को प्रोत्साहित करना है।

Oct 28, 2025 - 19:14
 0
आगरा के सद्भावना पार्क में बजेगी शहनाई: 11 जोड़े बधेंगे वैवाहिक बंधन में, एक नवंबर को मेहंदी उत्सव
सद्भावना पार्क सेवा समिति, कमला नगर, आगरा द्वारा आयोजित किये जा रहे सामूहिक विवाह समारोह के बारे में जानकारी देते आयोजन समिति से जुड़े लोग।

समिति के अध्यक्ष मुरारी प्रसाद अग्रवाल और मीडिया प्रभारी एडवोकेट दीपक माहेश्वरी ने बताया कि विवाह की सभी रस्में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सम्पन्न होंगी। 1 नवंबर को मेहंदी उत्सव का आयोजन होगा, जिसमें दुल्हनों के हाथों में मेहंदी रचाई जाएगी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ माहौल को और भी खुशनुमा बनाएँगी।

2 नवंबर को मुख्य समारोह सुबह 10 बजे श्रीराम चौक, कमला नगर से घुड़चड़ी के साथ शुरू होगा। भव्य बारात सद्भावना पार्क पहुंचेगी, जहाँ पारंपरिक स्वागत के बाद दोपहर 12 बजे वरमाला समारोह, 1 बजे सम्मान समारोह और शाम 4 बजे विदाई कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

संयोजक विनोद गोयल और गौरव पोद्दार ने बताया कि हर जोड़े के लिए सभी आवश्यक गृहस्थी सामग्री की व्यवस्था समिति द्वारा की गई है। इस अवसर पर समिति के महामंत्री विनोद गर्ग, कोषाध्यक्ष सुरेश मांगलिक, संयोजक भगवान अग्रवाल, सहसंयोजक सुशील कुमार गुप्ता सहित अन्य सदस्य तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।

समारोह में शहर के जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, व्यापारी संगठन और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी शामिल होंगे। आयोजन स्थल को फूलों और रोशनी से सजाया जाएगा।

SP_Singh AURGURU Editor