श्री महाकालेश्वर मंदिर में 11 फीट रुद्राक्ष शिवलिंग संग महा रुद्राभिषेक से शुरू हुआ शिव महापुराण कथा महोत्सव

आगरा। दयालबाग स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर में सावन महोत्सव समिति द्वारा आयोजित श्री शिव महापुराण कथा एवं महा रुद्राभिषेक महोत्सव का भव्य शुभारंभ शुक्रवार को हुआ। यमुना तट पर आयोजित इस आध्यात्मिक पर्व की शुरुआत भगवान शिव के महा रुद्राभिषेक से हुई, जिसमें 153 श्रद्धालु जोड़ों ने द्वादश ज्योतिर्लिंगों के जल से रुद्राभिषेक किया।

Jul 11, 2025 - 16:20
 0
श्री महाकालेश्वर मंदिर में 11 फीट रुद्राक्ष शिवलिंग संग महा रुद्राभिषेक से शुरू हुआ शिव महापुराण कथा महोत्सव
श्री महाकालेश्वर मंदिर परिसर में सावन महोत्सव के अंतर्गत आयोजित श्री शिव महापुराण कथा से पूर्व पं. हरिचरण, गिरधारी और सुदामा के मार्गदर्शन में महा रुद्राभिषेक पूजन करते श्रद्धालु।  

-153 जोड़ों ने किया रुद्राभिषेक, कैलाश मानसरोवर झांकी और चंचूला कथा ने भक्ति रस में डुबोया जनमानस

पूजन का आयोजन पं. हरिचरण, गिरधारी व सुदामा के मार्गदर्शन में 153 पंडितों द्वारा विधिपूर्वक सम्पन्न कराया गया। इसके पश्चात सवा लाख पार्थिव शिवलिंग निर्माण की प्रक्रिया आरंभ हुई। 51 कलशों की शोभायात्रा में सैकड़ों महिलाएं पीले वस्त्र धारण कर जयघोषों के साथ भक्ति भाव से सराबोर दिखीं।

कथा मंच पर अंतरराष्ट्रीय कथा व्यास आचार्य मृदुल कांत शास्त्री ने शिव महापुराण कथा का शुभारंभ किया। चंचूला भक्त की कथा सुनाते हुए उन्होंने कहा कि शिव केवल देव नहीं, भाव हैं।

इस आयोजन में विशेष आकर्षण 11 फीट ऊंचा रुद्राक्ष शिवलिंग बना हुआ है, जो सवा लाख रुद्राक्ष, साढ़े कुंतल धातु, रुई और जलधारा से निर्मित है। इस शिवलिंग पर 21 फीट लंबा वासुकी नाग सुशोभित है और यह कैलाश मानसरोवर की झांकी में स्थापित किया गया है। श्रद्धालु एक ओर शिवलिंग के समक्ष शीश नवाते हैं, तो दूसरी ओर मानसरोवर झील की झांकी में आत्मविस्मृति का अनुभव कर रहे हैं।

महोत्सव के अंतर्गत प्रतिदिन प्रातः महा रुद्राभिषेक होगा। दोपहर में पार्थिव शिवलिंग निर्माण, सायंकाल शिव महापुराण कथा हुआ करेगी। 14 जुलाई को शिव बरात  नृत्यमयी झांकियों, भजन मंडलियां और नासिक बैंड के साथ निकलेगी।

आयोजन की व्यवस्थाएं आचार्य सुनील वशिष्ठ, पवन शर्मा, सुनील शर्मा, अरविंद द्विवेदी, प्रदीप द्विवेदी, शुभम, अजय पांडे, रामचरण शर्मा, आकाश शर्मा, महिला मंडल अध्यक्ष सरिता तिवारी, नीलू पांडे, रमेश शुक्ला आदि संभाल रहे हैं।

SP_Singh AURGURU Editor