श्री गिरिराज जी छप्पन भोग महोत्सव: बैकुंठ लोक सरीखा सजेगा गोवर्धन धाम, स्वर्ण शंख से होगा गोविंद अभिषेक

आगरा। भक्ति, श्रद्धा और सेवा का अनुपम संगम रविवार और सोमवार को गोवर्धन धाम में साकार होने जा रहा है। श्री गिरिराज जी सेवा मंडल, आगरा द्वारा श्री गुरु कार्ष्णि आश्रम, बड़ी परिक्रमा मार्ग, आन्योर, गोवर्धन में दो दिवसीय दिव्य छप्पन भोग महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्वर्ण जड़ित शंख से गोविंद अभिषेक, विराट परिक्रमा, भव्य श्रृंगार, छप्पन भोग अर्पण और हजारों भक्तों के लिए महाप्रसादी का वितरण होगा।

Dec 27, 2025 - 19:59
 0
श्री गिरिराज जी छप्पन भोग महोत्सव: बैकुंठ लोक सरीखा सजेगा गोवर्धन धाम, स्वर्ण शंख से होगा गोविंद अभिषेक
विजय नगर में आयोजित बैठक को संबोधित करते श्री गिरिराज जी सेवा मंडल, आगरा के संस्थापक नितेश अग्रवाल। साथ में मयंक अग्रवाल, रविंद्र गोयल, अजय सिंघल, विजय अग्रवाल और विशाल बंसल।

महोत्सव की तैयारियों को लेकर विजय नगर, आगरा में आयोजित बैठक में आयोजन की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया। बैठक को संबोधित करते हुए संस्था के संस्थापक नितेश अग्रवाल ने बताया कि दो दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ रविवार को अत्यंत भव्य गोविंद अभिषेक के साथ होगा। हरिओम महाराज के पावन सानिध्य में 11 ब्राह्मणों द्वारा स्वर्ण जड़ित शंख से ठाकुर जी का वैदिक विधि-विधान से अभिषेक संपन्न कराया जाएगा।

अभिषेक में दुग्ध की सप्तधाराएं, 21 प्रकार के रस, गोवर्धन धाम के विभिन्न कुंडों का पावन जल, पंचामृत, केसर युक्त जल एवं इत्र का प्रयोग किया जाएगा। इसके उपरांत प्रभु को माखन-मिश्री, तुलसी दल सहित विशेष भोग अर्पित किए जाएंगे।

गोविंद अभिषेक के पश्चात बैंड-बाजों एवं भजन मंडलियों के साथ विराट परिक्रमा निकाली जाएगी। परिक्रमा के दौरान गिरिराज महाराज डोले पर विराजमान रहेंगे और चांदी के पात्रों से दुग्ध धाराएं अर्पित की जाएंगी। भजन मंडलियां पूरे परिक्रमा मार्ग में श्रद्धालुओं को भक्ति रस से सराबोर करेंगी।

सह संस्थापक मयंक अग्रवाल ने बताया कि परिक्रमा के उपरांत आयोजन स्थल पर भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें कानपुर से आमंत्रित भजन गायिकाएं सुमधुर भजनों की प्रस्तुति देंगी।

संरक्षक महंत कपिल नागर एवं रविंद्र गोयल ने जानकारी दी कि सोमवार को ठाकुर जी स्वर्ण हंस रथ पर विराजमान होंगे। प्रभु स्वर्ण एवं हीरे-जवाहरात के हार धारण करेंगे तथा चांदी की छड़ी से उनका दिव्य श्रृंगार किया जाएगा। आयोजन स्थल को स्पेशल इफेक्ट के माध्यम से बैकुंठ लोक के स्वरूप में सजाया जाएगा, जहां चलते हुए बादल श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

अध्यक्ष अजय सिंघल, महामंत्री विजय अग्रवाल एवं कोषाध्यक्ष विशाल बंसल ने बताया कि महोत्सव में महिलाएं चांदी के कलश लेकर सहभागिता करेंगी और आयोजन स्थल पर कलश स्थापना की जाएगी। साधु-संतों की सेवा, भक्तों के लिए सुव्यवस्थित दर्शन व्यवस्था एवं सेवा प्रबंध किए गए हैं।

ठाकुर जी को 11 किलो वजनी चांदी के थाल में छप्पन भोग अर्पित किए जाएंगे। लगभग 50 फुट ऊंचे और 30 फुट चौड़े भव्य मंच पर प्रभु विराजमान होंगे, जिससे चारों दिशाओं से श्रद्धालु सहज दर्शन कर सकेंगे। भोग अर्पण के पश्चात हजारों भक्तों के लिए महा प्रसादी का वितरण आरंभ होगा, जो प्रभु इच्छा तक अनवरत चलता रहेगा।

इसके साथ ही भव्य झांकियों, भजन संध्या और शयन आरती के साथ दो दिवसीय दिव्य 56 भोग छप्पन भोग महोत्सव का समापन होगा। ठाकुर जी को अमृततुल्य दूध चांदी के पात्रों में अर्पित किया जाएगा।

SP_Singh AURGURU Editor