जनकपुरी के समापन पर सजा श्याम बाबा का दरबार, भजनों पर झूमे श्रद्धालु, सहयोगियों का सम्मान

आगरा। जनकपुरी महोत्सव के भव्य समापन पर रविवार रात जनक मंच पर खाटू श्याम बाबा की अलौकिक भजन संध्या आयोजित हुई। गुड़गांव के प्रसिद्ध भजन गायक नरेश सैनी की सुमधुर प्रस्तुतियों पर हजारों भक्त श्रद्धा व उल्लास में झूम उठे। इससे पहले आयोजन समिति ने महोत्सव को सफल बनाने में सहयोग करने वाले प्रशासन, नगर निगम और दानदाता-भामाशाहों को सम्मानित कर कृतज्ञता जताई।

Sep 21, 2025 - 22:29
 0
जनकपुरी के समापन पर सजा श्याम बाबा का दरबार, भजनों पर झूमे श्रद्धालु, सहयोगियों का सम्मान
श्रीजनकपुरी महोत्सव के रविवार को हुए समापन समारोह में सम्मानित किये गये सहयोगियों के साथ समिति के अध्यक्ष मुरारी प्रसाद अग्रवाल और अन्य पदाधिकारी।

रविवार रात कमला नगर स्थित जनक मंच पर श्री जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के तत्वावधान में श्री श्याम सेवक परिवार समिति द्वारा खाटू श्याम बाबा का भव्य दरबार सजाया गया जहां गुड़गांव के मशहूर भजन गायक नरेश सैनी के भजनों पर हजारों भक्त श्रद्धालु झूम उठे। कैसे भुलाऊं तेरा एहसान सांवरे.. मेरे शीश के दानी का सारे जग में डंका बाजे... हारा जो भी बाबा इस जहान में, दिल से लिया उसने तेरा नाम रे.. भजनों ने सबको भाव विभोर कर दिया।

इससे पूर्व भजन गायक अनूप गोयल एवं प्रबल गोयल ने गणेश वंदना और बालाजी महाराज का भजन सुना कर सुमधुर शुरुआत की।

इस दौरान कोलकाता और बेंगलुरु से मंगाए गए विदेशी फूलों से सजाए गए बाबा के शीश के अद्भुत दर्शन कर श्रद्धालु निहाल हो गए। कार्यक्रम संयोजक हमेंद्र अग्रवाल (चुनमुन भाई), दिनेश चंद्र अग्रवाल, संजय अग्रवाल, विकास गोयल, विपिन बंसल, सोनू गोयल, आकाश गुप्ता, पंकज अग्रवाल और अनूप अग्रवाल ने बाबा की अखंड ज्योत प्रज्ज्वलित कर बाबा का आह्वान किया।

श्री जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति ने किया सहयोगियों का सम्मान

जनकपुरी महोत्सव के समापन पर रविवार शाम श्री जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष मुरारी प्रसाद अग्रवाल, महामंत्री उमेश कंसल, पार्षद प्रदीप अग्रवाल, संयोजक नितिन कोहली, पार्षद पंकज अग्रवाल और सहकोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल बैंक द्वारा जनकपुरी महोत्सव के आयोजन में सहयोग करने वाले पुलिस प्रशासन, नगर निगम, टोरंट, बवाग, स्वच्छता कर्मी, सुरक्षा समिति, महिला समिति सहित सभी कार्यकर्ताओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

राजा जनक राजेश अग्रवाल, स्वागताध्यक्ष डीडी सिंघल, सर्व व्यवस्था प्रमुख गौरव पोद्दार, वरिष्ठ संरक्षक चौधरी विजेंद्र सिंह, श्री भगवान रैपुरिया, समन्वयक सत्य प्रकाश गुप्ता, सुनील अग्रवाल (छेदालाल एंड संस) और आरजी अग्रवाल, संरक्षक नरेंद्र बंसल चांदी वाले, राकेश मंगल, राकेश अग्रवाल आकांक्षा, कोषाध्यक्ष राम रतन मित्तल, जीवनलाल मित्तल, रामगोपाल गोयल (दाऊजी ज्वेलर्स), स्वागत मंत्री भरत महाजन सहित कार्यकारिणी में शामिल बहुत से दानदाता भामाशाहों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

SP_Singh AURGURU Editor