स्मृति मंधाना को आखिरी टी20 में दिया गया रेस्ट, टीम इंडिया की प्लेइंग 11 में दो नए खिलाड़ी शामिल
भारतीय महिला क्रिकेट टीम श्रीलंका के खिलाफ आखिरी टी20 में भिड़ रही है। इस मुकाबले में स्मृति मंधाना और रेणुका सिंह ठाकुर को रेस्ट दिया गया है।
नई दिल्ली। टीम इंडिया श्रीलंका के खिलाफ पांचवें और आखिरी टी20आई में सीरीज क्लीन स्वीप करने के इरादे से उतरी है। यह मैच मंगलवार को तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में टीम इंडिया ने दो बड़े बदलाव अपनी प्लेइंग 11 में किए हैं। अनुभवी खिलाड़ी स्मृति मंधाना और रेणुका सिंह ठाकुर को आराम दिया गया है। उनकी जगह जी कमलिनी को डेब्यू का मौका मिला है और स्नेह राणा की टीम में वापसी हुई है।
श्रीलंका की कप्तान चमारी अथापथु ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, जिसके बाद भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने प्लेइंग इलेवन में हुए बदलावों की पुष्टि की। भारतीय टीम इस सीरीज में पूरी तरह हावी रही है और श्रीलंका की टीम कोई खास चुनौती पेश नहीं कर पाई है। पहले तीन मैचों में कुछ खास रन न बना पाने वाली स्मृति मंधाना ने चौथे टी20आई में शानदार वापसी करते हुए 80 रन बनाए थे, जिससे भारत 200 से ज्यादा रन बनाने में सफल रहा था।
हालांकि, कोच अमोल मजूमदार के नेतृत्व वाली मैनेजमेंट ने मंधाना को आगामी वुमेंस प्रीमियर लीग (WPL) से पहले आराम देने का फैसला किया है। महिला प्रीमियर लीग में मंधाना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की कप्तानी करेंगी। चौथे टी20 में में 80 रन की पारी से पहले, मंधाना ने सीरीज के शुरुआती तीन मैचों में 25, 14 और 1 रन बनाए थे।
पिछले टी20आई में अर्धशतक जड़कर, मंधाना महिला क्रिकेट में 10,000 रन का आंकड़ा पार करने वाली सबसे तेज बल्लेबाज बन गई थीं। उन्होंने यह उपलब्धि 281 अंतरराष्ट्रीय मैचों में हासिल की, जो पूर्व
भारतीय कप्तान मिताली राज के रिकॉर्ड से तेज है।
आखिरी टी20 के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन इस प्रकार है:
भारत: शेफाली वर्मा, जी कमलिनी, ऋचा घोष (विकेटकीपर), हरमनप्रीत कौर (कप्तान), हरलीन देओल, दीप्ति शर्मा, अमनजोत कौर, स्नेह राणा, अरुणधती रेड्डी, वैष्णवी शर्मा, श्री चरणी।
श्रीलंका: हसिनी परेरा, चमारी अथापथु (कप्तान), इमेषा दुलाणी, हर्षिथा समरविक्रमा, कविशा दिलहारी, नीलाक्षिका सिल्वा, रश्मिका सेव्वंदी, कौशानी नुथ्यंगना (विकेटकीपर), निमशा मदुशानी, इनोका राणावीरा, मलकी मदारा।