दक्षिण अफ्रीका आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का नया चैंपियन, आस्ट्रेलिया को पांच विकेट से हराया

लंदन। दक्षिण अफ्रीका अब आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप  का नया चैंपियन है।  2025 डब्ल्यूटीसी फाइनल में दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से हराया। दक्षिण अफ्रीका ने पहली बार डब्ल्यूटीसी का खिताब जीता है।

Jun 14, 2025 - 17:55
 0
दक्षिण अफ्रीका आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का नया चैंपियन, आस्ट्रेलिया को पांच विकेट से हराया


फाइनल मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका की ऐतिहासिक जीत के हीरो रहे एडन मार्करम। 282 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए मार्करम ने मैच विनिंग शतक जड़ा। 27 साल बाद दक्षिण अफ्रीका ने कोई आईसीसी ट्रॉफी जीती है। इससे पहले साउथ अफ्रीका ने 1998 में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी।
 
2025 डब्ल्यूटीसी फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका को 282 रनों का लक्ष्य दिया था, जिसे टेंबा बावुमा की टीम ने सिर्फ 5 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया। दक्षिण अफ्रीका के लिए एडन मार्करम ने 207 गेंद में 136 रनों की मैच विनिंग पारी खेली। इसके अलावा कप्तान टेंबा बावुमा ने 134 गेंद में 66 रन बनाए। 
 
खिताबी मैच में 282 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। ओपनर रियान रिकल्टन सिर्फ 06 रन बनाकर आउट हो गए थे। इसके बाद वियान मुल्डर भी 50 गेंद में 5 चौकों की मदद से 27 नर बनाकर पवेलियन लौट गए। 70 रनों पर दो विकेट गिरने के बाद एडन मार्करम और टेंबा बावुमा चट्टान बन गए। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 147 रनों की साझेदारी की। बावुमा 134 गेंद में 5 चौकों की मदद से 66 रन बनाकर आउट हुए लेकिन मार्करम डटे रहे। ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के पास मार्करम का कोई तोड़ नहीं रहा।

मार्करम अपनी टीम की जीत सुनिश्चित करके आउट हुए। उन्होंने 207 गेंद में 136 रनों की मैच विनिंग पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 14 चौके निकले। मार्करम जब आउट हुए तो दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए सिर्फ छह रनों की जरूरत थी।

ऑस्ट्रेलिया ने पहले खेलने के बाद अपनी पहली पारी में 212 रन बनाए थे। कंगारुओं के लिए स्टीव स्मिथ ने पहली पारी में सबसे ज्यादा 66 रन बनाए तो दक्षिण अफ्रीका के लिए कगिसो रबाडा ने 5 विकेट झटके। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका की टीम अपनी पहली पारी में महज 138 रनों पर ढेर हो गई। इस बार पैट कमिंस ने 6 विकेट चटकाए। इस तरह ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 74 रनों की बढ़त हासिल की, लेकिन दूसरी पारी में कंगारू बल्लेबाज ढेर हो गए। ऑस्ट्रेलिया ने इस बार 207 रन बनाए और दक्षिण अफ्रीका को 282 रनों का लक्ष्य दिया। दक्षिण अफ्रीका के लिए इस बार एडन मार्करम ने 136 रनों की मैच विनिंग पारी खेली और 27 साल बाद आईसीसी का खिताब जीता। ऑस्ट्रेलिया से मिले लक्ष्य को दक्षिण अफ्रीका ने सिर्फ 5 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया।