ग्लेन मैक्सवेल के कारण जीता हुआ मैच हारा साउथ अफ्रीका
साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टी20 मैच में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम ने 17 रन से शानदार जीत हासिल की। इस जीत में ऑस्ट्रेलिया की शानदार गेंदबाजी के साथ फील्डिंग भी जबरदस्त रही।
नई दिल्ली। साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टी20 मैच में ग्लेन मैक्सवेल बल्लेबाजी में पूरी तरह से फेल रहे। मैक्सवेल 5 गेंद का सामना करते हुए सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए। मैक्सवेल के इस विकेट के बाद ऑस्ट्रेलिया की टीम बैटिंग के दौरान मुश्किल में आ गई थी, लेकिन टिम डेविड के 83 रनों की पारी के दम पर कंगारू टीम 178 रन बनाने में सफल रही। बल्लेबाजी में फेल होने के बाद मैक्सवेल के मन में जो कसक थी उन्होंने पहले बॉलिंग और फिर फील्डिंग में पूरी की।
मैक्सवेल ने साउथ अफ्रीका के युवा बल्लेबाज लुहान ड्री प्रीटोरियस को अपनी फिरकी के जाल में फंसाया। हालांकि, उनका असली जादू ये विकेट नहीं बल्कि एक कैच था, जिनसे पूरी बाजी को ही पलट दिया। एक तरफ जब ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज बैक टू बैक विकेट ले रहे थे तो दूसरी ओर रायन रिकेल्टन ने अकेले मोर्चा संभाले रखा था, लेकिन मैक्सवेल के सामने उनकी एक नहीं चली।
साउथ अफ्रीका के लिए रिकेल्टन जब तक क्रीज पर थे, ऐसा लग रहा था कि ऑस्ट्रेलिया से जीत दूर है, लेकिन तभी अंतिम ओवर की दूसरी गेंद पर बेन ड्वार्शुइस ने उन्हें फंसा लिया। हालांकि, रिकेल्टन का ये शॉट पूरी तरह से 6 रन के लिए गया था, लेकिन वहां मैक्सवेल खड़े थे। कुछ सेकेंड के अंतराल में मैक्सवेल ने जिस तरह से हवा में छलांग लगाकर पहले गेंद को अपने हाथों ने मैदान के अंदर धकेला और फिर खुद वापस सेफ जोन में आकर कैच लिया उससे पूरा गेम ही बदल गया।
रिकेल्टन के इस कैच के साथ ही साउथ अफ्रीका की उम्मीद भी खत्म हो गई और ऑस्ट्रेलिया की जीत पक्की। इस तरह मैक्सवेल का सिर्फ एक कैच पूरे 40 ओवर के खेल पर भारी पड़ गया। वहीं मुकाबले की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 178 रन का स्कोर खड़ा किया था। इसके जवाब में साउथ अफ्रीका की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 161 रन ही बना सकी।