आगरा-बाह मार्ग पर रफ्तार का कहर, कैंटर की टक्कर से ईको में सवार आधा दर्जन यात्री गंभीर घायल

आगरा के बाह मार्ग पर एक बार फिर तेज़ रफ्तार और लापरवाही हादसे का कारण बन गई। थाना बसई अरेला क्षेत्र में अरनोटा पेट्रोल पंप के पास अनियंत्रित कैंटर गाड़ी ने ईको कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ईको कार में सवार आधा दर्जन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से तीन की हालत नाजुक बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

Feb 1, 2026 - 11:49
 0
आगरा-बाह मार्ग पर रफ्तार का कहर, कैंटर की टक्कर से ईको में सवार आधा दर्जन यात्री गंभीर घायल
आगरा-बाह मार्ग पर रविवार को हुई दुर्घटना में कैंटर की टक्कर से क्षतिग्रस्त ईको गाड़ी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाह की ओर से आ रही कैंटर गाड़ी तेज़ रफ्तार में थी। अरनोटा पेट्रोल पंप के समीप चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और सामने से आ रही ईको कार में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ईको कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। घायलों में संजय ओमवीर, रनवीर मोहित, बॊबी, सुनील और सुभाष शामिल हैं। बॊबी, सुनील और सुभाष को हालत गंभीर होने के कारण आगरा को रेफर किया गया है। घायल नगला भरी और बसई भदौरिया के निवासी बताये गये हैं।

हादसे में ईको कार में सवार करीब छह यात्री घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीन गंभीर घायलों को हालत चिंताजनक होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया। अन्य घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है।

थाना बसई अरेला पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कैंटर गाड़ी और ईको कार को अपने कब्जे में ले लिया है। कैंटर चालक से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला तेज़ रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का प्रतीत हो रहा है। पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच की जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि आगरा बाह मार्ग पर भारी वाहनों की तेज़ रफ्तार आए दिन हादसों की वजह बन रही है। इसके बावजूद न तो प्रभावी निगरानी है और न ही गति नियंत्रण के ठोस इंतज़ाम, जिससे आम राहगीरों और यात्रियों की जान लगातार खतरे में बनी हुई है।

SP_Singh AURGURU Editor