क्रीड़ा भारती की जिला खो-खो प्रतियोगिता में सेंट फ्रांसिस और जीजीआईसी की टीमों ने मारी बाजी

 आगरा के बी डी कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रांगण में आयोजित क्रीड़ा भारती एवं जिला एमेच्योर खो-खो संघ आगरा की दो दिवसीय प्रतियोगिता में सेंट फ्रांसिस कान्वेंट स्कूल सिकंदरा और जीजीआईसी कलाल खेरिया की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्रमशः बालक एवं बालिका वर्ग में चैंपियनशिप अपने नाम की।

Oct 6, 2025 - 17:44
 0
क्रीड़ा भारती की जिला खो-खो प्रतियोगिता में सेंट फ्रांसिस और जीजीआईसी की टीमों ने मारी बाजी
क्रीड़ा भारती एवं जिला एमेच्योर खो-खो संघ की दो दिवसीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली टीमें अतिथियों के साथ।

आगरा। बी डी कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रांगण में क्रीड़ा भारती और जिला एमेच्योर खो-खो संघ आगरा के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय डिस्ट्रिक्ट लेवल खो-खो टूर्नामेंट का सफल आयोजन हुआ। प्रतियोगिता में बालक वर्ग की 12 और बालिका वर्ग की 6 टीमों ने दमदार प्रदर्शन के साथ भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला खो-खो संघ के अध्यक्ष डॉ. गिरधर शर्मा, क्रीड़ा भारती के नगर महामंत्री राजीव सोई और बी डी कॉन्वेंट स्कूल के मुख्य प्रबंधक डॉ. देवव्रत शर्मा ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर तथा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।

नॉकआउट प्रारूप में खेले गए इस टूर्नामेंट के पहले दिन बालक और बालिका वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले संपन्न हुए। बालिका वर्ग के फाइनल में जीजीआईसी कलाल खेरिया की टीम ने सेंट एंड्रयूज स्कूल कर्मयोगी कमला नगर को रोमांचक मुकाबले में 1 पॉइंट और 1 इनिंग से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया।

वहीं, बालक वर्ग का फाइनल मुकाबला सेंट फ्रांसिस कान्वेंट स्कूल सिकंदरा और सेंट सी.एफ. एंड्रयूज स्कूल पीली पोखर के बीच खेला गया। सेंट फ्रांसिस के खिलाड़ियों ने उम्दा खेल का प्रदर्शन करते हुए 18–14 के स्कोर से विजय प्राप्त की और पहली बार जिला स्तरीय प्रतियोगिता में चैंपियन बने।

बालिका वर्ग में संयुक्त रूप से सेंट फ्रांसिस कान्वेंट स्कूल सिकंदरा एवं बी डी कॉन्वेंट स्कूल आगरा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं बालक वर्ग में भारतीय बाल विद्या मंदिर स्कूल और लाइफ लाइन स्कूल ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया।

पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि रहे डॉ. देवव्रत शर्मा (सीएमडी, बी डी कॉन्वेंट स्कूल)। इस अवसर पर क्रीड़ा भारती के नगर महामंत्री राजीव सोई, ब्रज प्रांत मंत्री मोहित वर्मा, श्री चंद्र व्रत सारस्वत (मैनेजिंग डायरेक्टर) और प्रधानाचार्य दीप्ति कोहली भी उपस्थित रहीं।

निर्णायक मंडल में के.पी. सिंह, उमाशंकर पाठक, विनीत कुमार, उदय प्रताप सिंह, राजमणि सिंह, प्रियांशु परमार, मोहित यादव और विकास कुमार ने अपनी सेवाएं दीं। टूर्नामेंट की स्पॉन्सरशिप सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी आगरा द्वारा की गई।

प्रतियोगिता का संचालन जिला खो-खो संघ के सचिव पवन सिंह एवं उप प्रधानाचार्य रिपुदमन सिंह ने किया। धन्यवाद ज्ञापन स्कूल की प्रधानाचार्या दीप्ति कोहली द्वारा किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और भारत माता की जय के जयकारों के साथ हुआ।

इन्हें मिले स्पेशल अवार्ड्स

-बालक वर्ग-

-प्लेयर ऒफ द टूर्नामेंट– विशाल कुमार (सेंट फ्रांसिस कान्वेंट स्कूल, सिकंदरा)।

-बेस्ट डिफेंडर – क्षितिज कठेरिया (सेंट फ्रांसिस कान्वेंट स्कूल, सिकंदरा)।

-बेस्ट अटैकर – अभिषेक कुमार (सेंट सी.एफ. एंड्रयूज स्कूल, पीली पोखर)।

-मैन ऒफ द मैच (फाइनल)– योगेंद्र (सेंट सी.एफ. एंड्रयूज स्कूल, पीली पोखर)।

-बालिका वर्ग-

-प्लेयर ऒफ द टूर्नामेंट– खुशी गुप्ता (सेंट एंड्रयूज स्कूल, कर्मयोगी कमला नगर)।

-बेस्ट डिफेंडर – अनामिका यादव (जीजीआईसी, कलाल खेरिया)।

-बेस्ट अटैकर – सिद्धि राठौर (सेंट एंड्रयूज स्कूल, कर्मयोगी कमला नगर)।

-वुमन ऑफ द मैच (फाइनल)– सिया यादव (जीजीआईसी, कलाल खेरिया)।

SP_Singh AURGURU Editor