पाकिस्तान के इस्लामाबाद शहर के शिया इमामबाड़े में आत्‍मघाती हमला,  15 की मौत, 80 से ज्यादा घायल

पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद शुक्रवार को एक भीषण धमाके की आवाज से दहल उठी। यह धमाका शिया मुस्लिमों के लिए धार्मिक महत्व वाले एक इमामबाड़े में हुआ है।

Feb 6, 2026 - 15:48
 0
पाकिस्तान के इस्लामाबाद शहर के शिया इमामबाड़े में आत्‍मघाती हमला,  15 की मौत, 80 से ज्यादा घायल


इस्लामाबाद। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद के तरलाई में शुक्रवार को भीषण धमाका हुआ है। इस्लामाबाद में इमामबाड़े और शियाओं की मस्जिद को निशाना बनाकर यह हमला किया गया। शुक्रवार दोपहर हुए इस धमाके में अब तक 15 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है। वहीं 80 से ज्यादा घायल हुए हैं। धमाके में मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है क्योंकि शुक्रवार होने की वजह काफी संख्या में लोग जुमे की नमाज के लिए मस्जिद में जमा थे। अभी तक किसी गुट ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

इस्लामाबाद पुलिस ने बताया है कि शहजाद टाउन इलाके के इमामबाड़े में ब्लास्ट हुआ है। इमामबाड़े परिसर में एक आत्मघाती हमलावर ने खुद को उड़ा लिया। इससे चारों और चीख पुकार मच गई और हर तरफ खून ही खून फैल गया। धमाके के बाद पुलिस और राहत कर्मियों के दल ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया है। पूरे इलाके को सील करते हुए लोगों को निकाला जा रहा है।

पाकिस्तानी अखबार डॉन ने बताया है कि धमाके में बड़े स्तर पर जानमाल के नुकसान का अंदेशा है। पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीमें मौके पर लोगों को निकालने में जुटी हुई हैं। बड़ी संख्या में लोगों के घायल होने की आशंका को देखते हुए पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज और पॉलीक्लिनिक अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है।

धमाके में घायल हुए लोगों को अस्पतालों और पॉलीक्लिनिक अस्पताल लाया जा रहा है। पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर ने डॉन को बताया है कि मुख्य इमरजेंसी, ऑर्थोपेडिक, बर्न सेंटर और न्यूरोलॉजी डिपार्टमेंट को एक्टिव कर दिया गया है। ये सभी विभाग इमरजेंसी मोड पर हैं ताकि यहां आने वाले घायलों को तुरंत इलाज मिल सके।

पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में करीब तीन महीने पहले 11 नवंबर, 2025 को भी एक बड़ा धमाका हुआ था। उस समय इस्लामाबाद के जी-11 इलाके में डिस्ट्रिक्ट और सेशंस कोर्ट बिल्डिंग के बाहर भीषण सुसाइड ब्लास्ट किया गया था। उस ब्लास्ट में 12 लोग मारे गए थे और 30 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे।