105वें ऑल इंडिया ट्रेडर्स कप के लिए सुखजीवन स्पोर्ट्स एकेडमी की हुंकार, खिताब जीतने का संकल्प
आगरा। देश की सबसे पुरानी और प्रतिष्ठित हॉकी प्रतियोगिताओं में शुमार 105वें ऑल इंडिया ट्रेडर्स कप में आगरा का परचम लहराने के लिए सुख जीवन स्पोर्ट्स एकेडमी की टीम पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ नैनीताल रवाना हो गई। कप्तान डॉ. जयशंकर यादव के नेतृत्व में अनुभवी और युवा खिलाड़ियों से सुसज्जित टीम खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी। ईदगाह जंक्शन पर खिलाड़ियों को खेल प्रेमियों ने फूल-मालाओं के साथ विदाई और विजयी होकर लौटने की शुभकामनाएं दी गईं।
नैनीताल की खूबसूरत वादियों में 4 जून से 24 जून 2026 तक आयोजित होने वाले 105वें ऑल इंडिया ट्रेडर्स कप में भाग लेने के लिए सुख जीवन स्पोर्ट्स एकेडमी, आगरा की टीम मंगलवार शाम रवाना हुई। यह प्रतियोगिता भारतीय हॉकी जगत की सबसे पुरानी और प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में गिनी जाती है, जिसमें देशभर की नामी टीमें हिस्सा लेती हैं।
राजीव सोई ने बताया कि इस ऐतिहासिक प्रतियोगिता के 105वें संस्करण में भाग लेना आगरा की टीम के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने लंबे समय से प्रतियोगिता की तैयारी की है और टीम से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
टीम मैनेजर के.पी. सिंह यादव ने बताया कि खिलाड़ियों ने लगातार कड़ा अभ्यास किया है। टीम का मनोबल ऊंचा है और सभी खिलाड़ी ट्रॉफी जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेंगे। उन्होंने कहा कि टीम में अनुभव और युवा जोश का बेहतरीन तालमेल देखने को मिलेगा।
सुख जीवन स्पोर्ट्स एकेडमी की टीम का नेतृत्व कप्तान डॉ. जयशंकर यादव कर रहे हैं। टीम में अल्फैज़, दिलीप शर्मा, मोहित सिंह, कुनाल सिंह, फरमान, विनय भारती, प्रदीप मौर्य, सूरज राजपूत, अनुज सिंह, अभिषेक, मनीष, नितिन, पवन, अजय सिंह राजपूत, राजीव सोई, धर्मेंद्र बघेल और धीरज मदान शामिल हैं।
टीम के साथ मैनेजर के.पी. सिंह यादव, रॉबिन बनर्जी और चौधरी एम.डी. अहमद खान भी खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करने के लिए नैनीताल रवाना हुए हैं।
प्रतियोगिता में सुख जीवन स्पोर्ट्स एकेडमी का पहला उद्घाटन मुकाबला 4 जून 2026 को शाम 4 बजे उधमपुर की टीम के खिलाफ खेला जाएगा। इस मैच को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह है और टीम जीत के साथ अभियान की शुरुआत करना चाहती है।
टीम की रवानगी के अवसर पर देवेंद्र गुप्ता (देवे भाई), अमिताभ गौतम, बंटी यादव, ज्ञानेंद्र यादव, देवेश यादव, अंकुर शर्मा, सोनू यादव, मोनू पंडित, सनी उपाध्याय, कमल सहित अनेक खेल प्रेमी मौजूद रहे। सभी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन की उम्मीद जताई।