‘दलदल’ का टीज़र देख कांप उठेंगे, भूमि पेडनेकर की अब तक की सबसे डरावनी भूमिका

‘दलदल’ भूमि पेडनेकर अभिनीत एक गहन और डरावनी क्राइम थ्रिलर वेब सीरीज़ है, जो सिर्फ अपराध की गुत्थी नहीं सुलझाती बल्कि अपराध के पीछे छिपी मानसिकता, आघात और नैतिक टकराव को उजागर करती है। यह कहानी ‘किसने किया’ से आगे बढ़कर ‘क्यों किया’ जैसे बेचैन करने वाले सवाल उठाती है।

Jan 16, 2026 - 22:31
 0
 ‘दलदल’ का टीज़र देख कांप उठेंगे, भूमि पेडनेकर की अब तक की सबसे डरावनी भूमिका

मुंबई। क्राइम थ्रिलर की दुनिया में एक नई और खौफनाक दस्तक होने जा रही है। भूमि पेडनेकर स्टारर वेब सीरीज़ ‘दलदल’ का टीज़र सामने आते ही सनसनी फैल गई है। बर्बर हत्याएं, विकृत मानसिकता और अंदर तक झकझोर देने वाला डर—यह सीरीज़ दर्शकों को आसान मनोरंजन नहीं, बल्कि असहज सच्चाइयों से रूबरू कराएगी।

विष धमिजा की चर्चित बेस्टसेलर किताब ‘भेंडी बाज़ार’ से प्रेरित यह सीरीज़ एबंडेंशिया एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी है। प्रोड्यूसर विक्रम मल्होत्रा और सुरेश त्रिवेणी हैं, जबकि निर्देशन की कमान अमृत राज गुप्ता ने संभाली है।

मुंबई की पृष्ठभूमि पर आधारित ‘दलदल’ की कहानी क्राइम ब्रांच की नवनियुक्त डीसीपी रीटा फरेरा के इर्द-गिर्द घूमती है। न्याय के प्रति अडिग रीटा एक ऐसे सीरियल किलर की तलाश में उतरती हैं, जिसकी क्रूरता रोंगटे खड़े कर देती है। जांच के दौरान वह न सिर्फ अपराधों की बर्बरता से टकराती हैं, बल्कि अपने अतीत की गलती, मानसिक आघात और पुलिस तंत्र के भीतर मौजूद पक्षपात से भी जूझती हैं।

टीज़र में दिखाई गई हत्याएं साधारण नहीं हैं—कटी हुई कलाइयां, पीड़ितों के मुंह में ठूंसी गई वस्तुएं और हर अपराध के पीछे झलकती विकृत सोच, कहानी को लगभग हॉरर के स्तर तक ले जाती है।

भूमि पेडनेकर के साथ समारा तिजोरी और आदित्य रावल भी अहम भूमिकाओं में नज़र आएंगे। सीरीज़ की लेखन टीम—सुरेश त्रिवेणी, श्रीकांत अग्निस्वरन, रोहन डिसूजा, प्रिया सग्गी और हुसैन हैदरी—ने कहानी को सिर्फ सस्पेंस तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इंसानी व्यवहार, अपराधबोध और टूटे मन की पड़ताल की है।

प्राइम वीडियो इंडिया के ओरिजिनल्स प्रमुख निखिल मधोक के मुताबिक, ‘दलदल’ पारंपरिक साइकोलॉजिकल थ्रिलर नहीं है। यह कहानी हिंसा के पीछे के “क्यों” को तलाशती है और आघात व संवेदनशीलता जैसे विषयों को केंद्र में रखती है।
वहीं, निर्माता विक्रम मल्होत्रा इसे ऐसी थ्रिलर बताते हैं जो दर्शकों को स्क्रीन से हटने के बाद भी लंबे समय तक बेचैन रखेगी।

‘दलदल’ का ग्लोबल प्रीमियर 30 जनवरी को अमेज़न प्राइम वीडियो पर होगा, जहां यह भारत सहित दुनिया भर के दर्शकों के लिए उपलब्ध होगी।

Top of Form

Bottom of Form

Top of Form

SP_Singh AURGURU Editor